बागपत की साइबर क्राइम पुलिस ने 7 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। यह गिरोह सोशल मीडिया पर लोन के आकर्षक ऑफर देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। गिरफ्तार अभियुक्तों ने देशभर में 5 हजार से अधिक लोगों को ठगा है और करोड़ों रुपये ऐंठे हैं। यह गिरोह पिछले 10 वर्षों से सक्रिय था और देश के अलग-अलग हिस्सों में साइबर ठगी की बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है। बागपत के एडिशनल एसपी प्रवीण सिंह चौहान ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। साइबर पुलिस ने सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। गिरफ्तार अभियुक्तों में मेरठ निवासी नदीम, अतीक, शाहरुख और शौकीन शामिल हैं। इनके अलावा, हरियाणा से मतीन और गाजियाबाद से अभिषेक के साथ एक महिला को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 15 मोबाइल फोन, 45,250 रुपये नकद, दो गाड़ियां, एक प्रिंटर, एक लेमिनेशन मशीन, एक लैपटॉप और दो फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों में शिकायतें दर्ज हैं। यह गिरोह पहले सोशल मीडिया पर विज्ञापन साझा करता था, जिसे लोग पसंद करते थे। लोन दिलाने के नाम पर वे आवेदकों से 4,000 से 15,000 रुपये तक की ‘प्रोसेसिंग फीस’ मांगते थे। फीस मिलने के बाद, वे आवेदक का नंबर बंद कर देते थे। इस तरह, इन्होंने 10 वर्षों में करोड़ों रुपये की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया।


