सांडेराव (पाली): सांडेराव थाना क्षेत्र के देवतरा गांव के पास सुनसान खेत में मंगलवार देर रात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान फालना थाना क्षेत्र के खुडाला निवासी इंद्र सिंह (36) पुत्र गणपत सिंह राजपुरोहित के रूप में हुई। जो 9 मई से लापता था। घटनास्थल की भयावह स्थिति देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश के चलते बेरहमी से की गई हत्या का प्रतीत हुआ है।
सूचना पर पुलिस उप अधीक्षक व पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। सांडेराव पुलिस ने शव को सांडेराव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। जहां मृतक के शव का बुधवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया। फिलहाल, शव मोर्चरी में रखा है। परिजन गुरुवार सुबह शव का अंतिम संस्कार करेंगे।

परिजनों ने फालना थाने में दी थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
फालना थाना प्रभारी विक्रम सिंह सांदू ने बताया कि मृतक इंद्र सिंह के परिजनों ने गत 11 मई को फालना थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मंगलवार रात उसका शव मिलने के बाद बुधवार को मृतक के बड़े भाई किशोर सिंह ने फालना थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज करवाया है।
परिजनों और समाज का फूटा गुस्सा
इंद्र सिंह का शव मिलने के बाद परिजनों और समाज के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस ने 11 दिनों तक ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर फालना थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाज के लोग थाने पहुंचे तथा उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई। एएसपी चैन सिंह महेचा, सुमेरपुर सीओ जितेंद्र सिंह और सांडेराव थानाप्रभारी श्यामराज सिंह चारण ने लोगों से समझाइश की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पुलिस हत्या और अपहरण का मामला दर्ज कर, जांच कर रही है।

इंद्र सिंह के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
फालना कस्बे में 99 प्रॉडक्ट नाम से बच्चों के खिलौनों व प्लास्टिक सामान की दुकान चलाने वाले इंद्र सिंह राजपुरोहित की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के दो पुत्रियां और एक पुत्र है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कस्बे में भी शोक की लहर फैल गई।
सौ फीट दूर मिले शूज और कटा हाथ
पुलिस के अनुसार, घटना की गंभीरता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि हमलावरों ने क्रूरता करते हुए मृतक के दोनों हाथ काट दिए। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के दौरान मुख्य घटना स्थल से करीब 100 फीट की दूरी पर मृतक के शूज और एक कटा हुआ हाथ बरामद हुआ।
पुलिस और फॉरेंसिक टीमों की मशक्कत के बाद भी मृतक का दूसरा कटा हाथ अभी तक बरामद नहीं हो पाया है। शूज का शव से इतनी दूर मिलना इसका पुख्ता संकेत है कि मौत के घाट उतारे जाने से पहले इंद्र सिंह ने हमलावरों से बचने के लिए दौड़ लगाई होगी या उनके बीच संघर्ष और खींचतान हुई होगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना स्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री और डॉग स्क्वॉयड की विशेष टीमों को तैनात किया। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


