पुणे: अस्पताल परिसर में मिला 7 घंटे के टाइमर वाला ‘बम’, किया गया डिफ्यूज, ATS जांच में जुटी

पुणे: अस्पताल परिसर में मिला 7 घंटे के टाइमर वाला ‘बम’, किया गया डिफ्यूज, ATS जांच में जुटी

पुणे के हडपसर इलाके में एक निजी अस्पताल में कम श्रेणी का एक विस्फोटक उपकरण मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंची और उसे डिफ्यूज किया। यह उपकरण अस्पताल परिसर के अंदर एक शौचालय के पास रखा था। जिसमें 7 घंटे का टाइमर लगा था। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कथित विस्फोटक अस्पताल में कैसे और कहां से आया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कामधेनु एस्टेट इलाके में स्थित अस्पताल के एक डॉक्टर ने सबसे पहले संदिग्ध वस्तु देखी, जिसमें डिजिटल घड़ी जैसा उपकरण लगा हुआ था और फिर उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रारंभिक जांच में इसे कम क्षमता वाला आईईडी माना जा रहा है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां ​​अभी जांच कर रही हैं।

पुणे के पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने कहा, “बुधवार रात करीब 8 बजे पुलिस को यह जानकारी मिली कि अस्पताल परिसर में बम जैसा कोई उपकरण मिला है। पुलिस टीम, बम निरोधक दस्ते के साथ, तुरंत मौके पर पहुंची। बम निरोधक दस्ते ने तय प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उस उपकरण को वहां से हटाया और उसे ग्लाइडिंग सेंटर के एक खुले मैदान में ले गए। बम को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया है।“

उन्होंने आगे कहा, इस मामले की जांच के लिए सभी टीमों को काम पर लगा दिया गया है। पुणे शहर पुलिस, स्थानीय पुलिस थाना, साथ ही क्राइम ब्रांच और महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) की टीमें मिलकर इस मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *