नागौर स्थापना दिवस पर बॉलीवुड सितारों ने सजाई रंगीन शाम, सांस्कृतिक संध्या में झलकी राजस्थानी संस्कृति

नागौर स्थापना दिवस पर बॉलीवुड सितारों ने सजाई रंगीन शाम, सांस्कृतिक संध्या में झलकी राजस्थानी संस्कृति

नागौर. नागौर स्थापना दिवस (अक्षय तृतीया) की पूर्व संध्या पर शनिवार रात शहर के कांकरिया स्कूल मैदान में आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या ने शहरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जिला प्रशासन एवं नगर परिषद नागौर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बॉलीवुड और लोक कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने देर रात तक समां बांधे रखा।

इंटरनेशनल भवाई नृत्यांगना मानसी सिंह पंवार की आकर्षक प्रस्तुति
इंटरनेशनल भवाई नृत्यांगना मानसी सिंह पंवार की आकर्षक प्रस्तुति

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथियों में जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक रोशन मीना, अतिरिक्त जिला कलक्टर चम्पालाल जीनगर एवं नागौर उपखंड अधिकारी गोविन्द सिंह भींचर शामिल रहे। इसके अलावा बीएसएफ से कार्यवाहक डीआईजी राजकुमार यादव, डिप्टी कमांडेंट सीताराम यादव एवं इंस्पेक्टर धर्मपाल चौधरी की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत इंटरनेशनल भवाई नृत्यांगना मानसी सिंह पंवार की आकर्षक प्रस्तुति से हुई। उन्होंने आशीष कल्ला के साथ राजस्थानी लोकगीत “पीलीलूगड़ीसूं रुकाई मेटाडोर…” पर पारंपरिक भवाई नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। उनके संतुलन और कौशल ने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया।

प्लेबैक सिंगर कल्पना गंधर्व
प्लेबैक सिंगर कल्पना गंधर्व

इसके बाद प्लेबैक सिंगर कल्पना गंधर्व ने मंच संभालते हुए “सजना-सजना”, “पिया रे पिया रे थारे बिना लागे नाही म्हारा जीया रे…” जैसे मधुर गीतों से वातावरण को भावुक बना दिया। उन्होंने “छोड़ा ससुराल गेंदा फूल” और “दमादम मस्त कलंदर” जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके गानों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण बॉलीवुड सिंगर स्वरूप खान रहे
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण बॉलीवुड सिंगर स्वरूप खान रहे

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण बॉलीवुड सिंगर स्वरूप खान रहे, जिन्होंने “केसरिया बालम म्हारे देश…” सहित कई राजस्थानी और फिल्मी गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। “पधारो म्हारे देश, म्हारे नागौरी देश…” गीत को उन्होंने दर्शकों के साथ मिलकर गाया, जिससे पूरा मैदान उत्साह और देशभक्ति से सराबोर हो गया।

मुख्य अतिथि डॉ. मंजू बाघमार ने अपने संबोधन में नागौर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नागौर शक्ति, भक्ति और शौर्य की भूमि है। उन्होंने जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए विकास के पथ पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही नागौर को आदर्श जिला बनाने पर बल दिया।

कार्यक्रम का लुत्फ उठाते शहरवासी
कार्यक्रम का लुत्फ उठाते शहरवासी

कार्यक्रम में तहसीलदार नरसिंह टाक, बबीता ढिल्लन, जायल एसडीएम रजत श्योराण, अन्नाराम लवाईच, डॉ. शंकरलाल जाखड़, डॉ. रणवीर चौधरी, जिला रसद अधिकारी अंकित पचार, महेन्द्र सुराणा, पवन मांजू, डॉ. मूलाराम जांगू, शंकरलाल सियाक, शंकरलाल शर्मा एवं कुम्भाराम रेलावत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं शहरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मंच संचालन शरद कुमार जोशी ने किया। रंगारंग प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण माहौल के साथ यह सांस्कृतिक संध्या नागौर स्थापना दिवस के जश्न को यादगार बना गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *