सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। यह हादसा रविवार देर रात अलाउद्दीनपुर गांव के पास उस समय हुआ, जब वे एक शादी से लौटकर अपने वाहन से बैंड का सामान उतार रहे थे। मृतकों की पहचान अखंडनगर के सरैया मुबारकपुर गांव निवासी अतिबल के पुत्र प्रदीप कुमार (30) और अनिल कुमार (25) के रूप में हुई है। दोनों भाई बैंड बजाने का काम करते थे। प्रदीप और अनिल रविवार दोपहर करीब 2 बजे अपने ऑटो से दौड़ीपुर, सुल्तानपुर से एक बारात में बैंड बजाने जौनपुर के खुटहन स्थित मैरिज हॉल गए थे। रात करीब 2 बजे वे अखण्डनगर-बेलवाई मार्ग पर अलाउद्दीनपुर गांव में ऑटो से बैंड का सामान उतार रहे थे। इसी दौरान अखंडनगर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक भाई ऑटो में दब गया, जबकि दूसरा बोलेरो में फंसकर कुछ दूर तक घसीटा गया। उनके साथ मौजूद दुर्गेश ने तत्काल एंबुलेंस और परिजनों को सूचना दी। दोनों भाइयों को तुरंत अखंडनगर सीएचसी ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विष्णु स्वरूप यादव ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सोमवार दोपहर बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। अनिल की 7 जून को बारात जानी थी। उसकी बरीक्षा हो चुकी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। कादीपुर के क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने बताया कि एक अज्ञात बोलेरो की टक्कर से दोनों भाइयों की मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।


