पलवल जिले के बागपुर गांव में उधार दिए 2 लाख रुपए वापस मांगने पर एक परिवार पर हमला कर दिया गया। ताऊ के परिवार के 8 सदस्यों ने लाठी-डंडों से पीटकर 3 लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने 8 महिला-पुरुषों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चांदहट थाना प्रभारी हरी किशन ने बताया कि बागपुर निवासी ओमप्रकाश ने शिकायत दर्ज कराई है। ओमप्रकाश के अनुसार, उन्होंने अपने ताऊ के बेटों मनोज और धर्मेंद्र को 2 लाख रुपए उधार दिए थे। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने बहस शुरू कर दी। घर में घुसकर किया हमला शिकायत में कहा गया है कि रात करीब 8 बजे धर्मेंद्र, मनोज, योगेश, रामु, राहुल, राजवती, विनीता और ऊषा लाठी-डंडे व अन्य हथियार लेकर ओमप्रकाश के घर के बाहर आ गए। उन्होंने उनका रास्ता रोककर ओमप्रकाश के पिता बंशी, बहन सरोज और भाई साहिल पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार झगड़े का शोर सुनकर पड़ोसी इकट्ठा होने लगे, जिसके बाद आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया और चांदहट थाना की बागपुर पुलिस चौकी को सूचित किया गया। पुलिस ने ओमप्रकाश की लिखित शिकायत पर सभी 8 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


