अवैध रिश्ते का खूनी खेल, पत्नी ने प्रेमी को बुलाया… पति ने लोहे की रॉड से उतार दिया मौत के घाट

अवैध रिश्ते का खूनी खेल, पत्नी ने प्रेमी को बुलाया… पति ने लोहे की रॉड से उतार दिया मौत के घाट

पीलीभीत। माधोटांडा थाना क्षेत्र में हुए गुरबाज सिंह हत्याकांड का पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। जिस महिला से गुरबाज सिंह प्यार करता था, उसी ने अपने पति के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड और मृतक की चेन भी बरामद कर ली है।

गांव बसंतपुर नैनेर निवासी गुरबाज सिंह 22 अप्रैल 2026 को घर से पूरनपुर जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। मामला उस समय और सनसनीखेज हो गया जब कुछ दिनों बाद पूरनपुर क्षेत्र के एक खेत के पास खंडहर में एक शव बरामद हुआ। पहचान होने पर शव गुरबाज सिंह का निकला।

एक साल से चल रहा था प्रेम संबंध

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शुभप्रीत कौर और गुरबाज सिंह के बीच करीब एक साल से अवैध संबंध थे। शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत और मुलाकातें होती रहीं, लेकिन बाद में शुभप्रीत इस रिश्ते से पीछा छुड़ाना चाहती थी। पुलिस के मुताबिक गुरबाज लगातार उस पर दबाव बना रहा था और उसे परेशान कर रहा था। इसी बात से तंग आकर शुभप्रीत ने अपने पति सतेंद्र सिंह को पूरी बात बता दी।

पति-पत्नी ने मिलकर रची साजिश

जांच में खुलासा हुआ कि इसके बाद पति-पत्नी ने मिलकर गुरबाज सिंह को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोप है कि शुभप्रीत ने गुरबाज को मिलने के बहाने बुलाया। वहां पहले से मौजूद सतेंद्र सिंह ने लोहे की रॉड से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से गुरबाज की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद शव को खंडहर में छिपा दिया गया ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

पुलिस पूछताछ में टूटा राज

पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर पूछताछ शुरू की तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। दोनों आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड और मृतक की चेन बरामद कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इलाके में इस हत्याकांड को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *