नागौर जिले में खूनी संघर्ष : दो पक्षों की भिड़ंत में 8 लोग घायल, पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार

नागौर जिले में खूनी संघर्ष : दो पक्षों की भिड़ंत में 8 लोग घायल, पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार

नागौर। जिले के बड़ी खाटू थाना क्षेत्र के मुण्डी गांव में रविवार को पुरानी रंजिश ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। करीब दस साल से चल रहे विवाद के चलते दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। गांव की मुख्य गुवाड़ में कैम्पर गाड़ियों और ट्रैक्टरों से एक-दूसरे को टक्कर मारकर हमला किया गया, वहीं कई लोगों ने घरों की छतों पर चढ़कर पत्थरबाजी की। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना पुलिस को दोपहर करीब 1:30 बजे मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। सभी घायलों को अलग-अलग एम्बुलेंस के जरिए उप जिला चिकित्सालय जायल पहुंचाया गया।

Nagaur violence
क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर (फोटो-पत्रिका)

ये लोग हुए घायल

घायलों में एक पक्ष के रामनिवास गुर्जर (55), निकिता (18), रामदेव (25), गोपालराम (40), लक्ष्मणराम गुर्जर (56) और कैलाश चंद्र जाट (42) शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से जगदेव राम जाट (55) और जवानाराम जाट (70) घायल हुए हैं।

Nagaur violence
हिंसा में घायल लोग (फोटो-पत्रिका)

दोनों पक्षों में जमकर बहे खून

ग्रामीणों के अनुसार विवाद की शुरुआत सुबह उस समय हुई, जब एक पक्ष का व्यक्ति ट्रैक्टर लेकर खेत की ओर जा रहा था और रास्ते में दूसरे पक्ष के लोगों से कहासुनी हो गई। इसके बाद मामला तब और बढ़ गया, जब दूसरे पक्ष की एक नाबालिग बालिका गांव की दुकान पर सामान लेने पहुंची और उसके साथ मारपीट की गई। इस घटना से आक्रोशित लोग मौके पर एकत्र हो गए और दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई।

Nagaur violence

दो कैम्पर और एक ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त

संघर्ष के दौरान दो कैम्पर और एक ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हो गए। पत्थरबाजी और गाड़ियों की टक्कर के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

Nagaur violence
क्षतिग्रस्त कैंपर (फोटो-पत्रिका)

तीन लोग गिरफ्तार

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों- तुलसीराम, ओमप्रकाश और मालाराम जाट को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *