भाजपा के युवा मोर्चा के नेताओं ने ढाबे पर की मारपीट, देखें वीडियो

भाजपा के युवा मोर्चा के नेताओं ने ढाबे पर की मारपीट, देखें वीडियो

Viral Fight Video: मध्यप्रदेश के सीधी में भाजपा के युवा नेताओं का हाई वोल्टेज ड्रामे का वायरल हो रहा वीडियो पार्टी की किरकिरी करा रहा है। भाजयुमो के जिला अध्यक्ष निशांत मिश्रा सहित मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित एक हिस्ट्री शीटर अपराधी के बीच शराब के नशे में जमकर गाली-गलौज व जूतम पैजार बुधवार को दिन भर चर्चा का विषय बना रहा। वहीं इस मामले में पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारी इस संदर्भ में कुछ कहने को तैयार नहीं हैं।

कौन बनेगा अगला अध्यक्ष को लेकर विवाद

मंगलवार की रात करीब 11 बजे भाजयुमो के जिला अध्यक्ष निशांत मिश्रा अपने साथियों के साथ शराब पार्टी करने शहर के मडरिया में संचालित सिंघम ढ़ाबा में पहुंचे, जहां पहले से ही हिस्ट्री शीटर अपराधी प्रिंस पांडेय व हनुमानगढ़ मंडल अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा के साथ पटपरा मंडल उपाध्यक्ष कृष्णा तिवारी शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान उनके बीच अगला भाजयुमो जिला अध्यक्ष कौन होगा को लेकर चर्चा छिड़ गई। चर्चा में प्रिंस पांडे ने कहा कि वो जिलाध्यक्ष के लिए दावेदारी करेगा तो ये बात वर्तमान जिला अध्यक्ष निशांत मिश्रा कंपू को नागवार गुजरी।

देखें वीडियो-

BJYM नेताओं ने मिलकर जमकर पीटा

शराब के नशे में बहसबाजी शुरू हो गई, इस दौरान हिस्ट्रीशीटर प्रिंस पांडेय का ग्रुप कमजोर था, जिससे निशांत मिश्रा हावी होकर मारपीट शुरू कर दिए। इसके बाद तीनों बीजेवायएम नेताओं और ढाबा संचालक ने मिलकर प्रिंस पांडेय के साथ मारपीट की। करीब आधा घंटे तक यह ड्रामा चलता रहा, इसके बाद धमकी देकर दोनों पक्ष ढ़ाबा से रवाना हुए।

नहीं दर्ज कराई गई शिकायत

इस वारदात की वायरल हो रहे वीडियो में दोनों पक्ष कानूनी दृष्टि से कमजोर नजर आ रहे हैं, क्योंकि प्रिंस पांडेय हिस्ट्री सीटर है, जिससे वह वारदात के बाद फरार हो गया है। वहीं वीडियो में जिला अध्यक्ष निशांत मिश्रा पहले से ही मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इसी कारण किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत नहीं दर्ज करवाई गई है।

दो दिन पहले ही प्रदेश अध्यक्ष दे गए थे एकता का मंत्र

एक तरफ जहां ये घटना हुई है वहीं इससे ठीक दो दिन पहले ही भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर सीधी पहुंचकर एकता का संदेश देकर गए थे। उल्लेखनीय है कि प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर 17 मई को मऊगंज से होकर पटपरा होते हुए सीधी पहुंचकर मानस भवन में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नैतिकता व एकता का संदेश दिए थे, उसके बाद रात को परसिली रेस्ट हाउस में विश्राम करके 18 मई को सिंगरौली रवाना हो गए थे, उसके दो दिन बाद ही भाजयुमो जिला अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों ने मारपीट की इस घटना को अंजाम दे डाला।

सोशल प्लेटफार्म पर कसा जा रहा तंज

मारपीट का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तंज का दौर शुरू हो गया है। बीते दिनों सीधी विधायक रीती पाठक ने नशामुक्ति का संदेश देते हुए शहर के गांधी चौक में गुटखा व नशीली सामग्री की होली जलाई थी। उसके बाद उन्हीं के पार्टी के महत्वपूर्ण पदाधिकारियों की शराबखोरी व मारपीट का मामला सामने आने पर नशामुक्ति के संदेश की पोल खोल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *