जौनपुर में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न:बूथ प्रबंधन, राष्ट्र निर्माण पर जोर; सांसद सीमा द्विवेदी ने दिया जीत का मंत्र

जौनपुर में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न:बूथ प्रबंधन, राष्ट्र निर्माण पर जोर; सांसद सीमा द्विवेदी ने दिया जीत का मंत्र

जौनपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दो दिवसीय जिला स्तरीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग संपन्न हो गया है। इस वर्ग में कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन की बारीकियों और पार्टी के वैचारिक अधिष्ठान से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन ‘बूथ प्रबंधन और हमारी कार्यपद्धति’ सत्र में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रबंधन के गुर सिखाए। उन्होंने डिजिटल युग में बूथ को मजबूत करने के तरीकों पर जोर देते हुए कहा कि चुनाव की वास्तविक लड़ाई बूथ स्तर पर ही लड़ी जाती है। द्विवेदी ने “बूथ जीता, तो चुनाव जीता” के मूल मंत्र को दोहराया। नौवें सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता विद्यासागर सोनकर ने कहा कि भाजपा का इतिहास केवल सत्ता प्राप्ति का नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, वैचारिक निष्ठा और अनगिनत कार्यकर्ताओं के त्याग-तपस्या की गाथा है।
दसवें सत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने ‘वैचारिक अधिष्ठान और हमारी कार्यपद्धति’ विषय पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि भाजपा ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ चलने वाला एक सांस्कृतिक और वैचारिक आंदोलन है, जिसका आधार ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ है। समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रशिक्षण वर्ग के प्रदेश सह संयोजक त्रयंबक त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण की परंपरा संगठन की रीढ़ है। यह वर्ग केवल बौद्धिक चर्चा का केंद्र नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के भीतर राष्ट्र सेवा के संकल्प को सुदृढ़ करने की कार्यशाला है। मुख्य वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि वर्ग से प्राप्त वैचारिक ऊर्जा और सांगठनिक कौशल को अब धरातल पर उतारने का समय आ गया है। समापन सत्र की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की। उन्होंने कहा कि इस दो दिवसीय वर्ग में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के इतिहास, विकास, वैचारिक अधिष्ठान और कार्यपद्धति को गहराई से समझा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *