संतकबीरनगर पुलिस ने लूट और चोरी की लगातार हो रही तीन घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने इस संबंध में तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लूट और चोरी से संबंधित 19 हजार 450 रुपए नकद, 4 साड़ियां, 7 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, एक पर्स, आधार कार्ड और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन तीन अलग-अलग घटनाओं का सफल अनावरण किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है। कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश दूबे और एसओजी प्रभारी रजनीश राय के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने डड़वा नहर पुलिया के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनमें संजीव कुमार उर्फ संजू निषाद (पुत्र राधेश्याम, निवासी भेलवासी, थाना कोतवाली खलीलाबाद), मोहन निषाद (पुत्र विक्रम, निवासी जमुहरा बड़का टोला, थाना मेहंदावल) और राहुल उर्फ मुनक्का (पुत्र ऋषिलाल, निवासी जमुहरा बड़का टोला, थाना मेहंदावल) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पहली घटना 15 अप्रैल 2026 की रात की है। वादी गोरख प्रसाद (पुत्र शिव प्रसाद, निवासी बाहिलपार, थाना कोतवाली खलीलाबाद) के घर में चोर खिड़की के रास्ते घुस गए और चोरी को अंजाम देकर फरार हो गए थे। इस संबंध में 17 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई गई थी। दूसरी घटना 19 मई 2026 की बताई जा रही है। इसमें वादी अमित कुमार त्रिपाठी (पुत्र ओमप्रकाश त्रिपाठी, निवासी जगदीशपुर उर्फ लहुरादेवा) के साथ लूटपाट की गई थी। तीसरी घटना थाना महुली क्षेत्र के कोदवट गांव की है। पूछताछ में तीनों अभियुक्तों ने एक महिला से मंगलसूत्र छीनने की घटना को कबूल किया है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिसमें नेपाल बॉर्डर पर चोरी के मोबाइल बेचने की तैयारी भी शामिल है।


