मेरठ में बिजली सप्लाई में लापरवाही करने पर विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। यूपी पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मयूर माहेश्वरी ने मेरठ के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही इसी मामले में मुख्य अभियंता सतेंद्र सिंह को चेतावनी दी है। बता दें कि भीषण गर्मी में मेरठ सहित पूरे यूपी में बिजली को लेकर हाहाकार मचा है। जनता बिजली संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे में अफसरों द्वारा की गई लापरवाही पर विभाग की तरफ से यह पहला बड़ा एक्शन लिया गया है। मुख्य अभियंता ने भेजी थी रिपोर्ट
मुख्य अभियंता ट्रांसमिशन पश्चिम मेरठ की ओर से भेजी गई रिपोर्ट के अनुसार 19 मई को 132 केवी मोदीपुरम-कंकरखेड़ा लाइन ट्रिप हो गई थी। 33 और 34 नंबर के टावर के बीच कंडक्टर टूट गया था। 20 मई को 132 केवी मोदीपुरम-2 से वेदव्यासपुरी लाइन भी ट्रिप हो गई थी। वहीं टावर संख्या 8-9 के बीच मिड स्पैन जाइंट से कंडक्टर टूटने के साथ टावर का टॉपपार्ट क्षतिग्रस्त हो गया था।


