समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में नए सिरे से मतदान कराने के मामले पर बीजेपी पर जमकर हमला बोला। अखिलेश यादव ने ‘X’ पर लंबा-चौड़ा पोस्ट किया है। अखिलेश ने ‘X’ पोस्ट के जरिए बीजेपी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बीजेपी को झूठा बताया है। अखिलेश ने लिखा- भाजपा झूठ की सोन पपड़ी है, जो एक झूठ की परत पर, दूसरे झूठ की परत चढ़ाती है।
अखिलेश ने बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप
अखिलेश यादव ने ‘X’ पर लिखा- भाजपा झूठ की सोन पपड़ी है, जो एक झूठ की परत पर, दूसरे झूठ की परत चढ़ाती है। बंगाल के फाल्टा निर्वाचन क्षेत्र में दुबारा चुनाव कराने का फैसला बता रहा है कि भाजपा अपनी बेहद शर्मनाक हार से चेहरा झुपाने के लिए बहाना ढूंढ़ रही है। चुनाव आयोग ने मीडिया रिपोर्ट व TV प्रसारणों के आधार पर ये निर्णय लिया है।
चुनाव अधिकारियों को निलंबित करने की मांग
अखिलेश ने आगे लिखा- जनता पूछ रही है, इसका मतलब तो ये हुआ कि मतदान केंद्र के अंदर तक मीडिया की पहुंच थी, जो नियमानुसार असंभव है। खासतौर पर तब, जब हर बूथ को केंद्र के नियंत्रणवाले सशस्त्र बलों की तैनाती से छावनी बना दिया गया था। चुनाव आयोग ने तो बूथ कैप्चरिंग तक की तथाकथित आशंका जाहिर कर दी है।
इसका मतलब ये हुआ कि जो ऑब्ज़र्वर थे, उनकी भूमिका संदिग्ध है, सबसे पहले उनका निलंबन हो। जनता तो यहां तक कह रही है कि अगर सच में कोई गड़बड़ी हुई है तो पुनर्मतदान में होने वाले खर्चे की वसूली भी उन अधिकारियों के खाते से ही हो, जिनकी लापरवाही या किन्हीं अन्य अवांछित गतिविधियों में मशगूल भ्रष्ट-आचरण की वजह से ये हालात पैदा हुए। वैसे जनता जानती है, ऐसा कुछ होता तो अब तक सैकड़ों वीडियो आ चुके होते। ये भाजपा द्वारा बनाए हुए झूठ की एक और परत है।
अखिलेश ने किया TMC की जीत का दावा
अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल में TMC की जीत का दावा किया है। उन्होंने लिखा- भाजपा कितने भी षड्यंत्र कर ले, लेकिन जनता ने तो TMC को पहले ही 234 सीट पर आगे कर दिया है। भाजपा के परिणाम बदलने की हर कोशिश को तृणमूल कांग्रेस के सचेत और सतर्क कार्यकर्ता नाकाम कर देंगे। जागरूक कार्यकर्ताओं से हमारी अपील है कि हाथ में जब तक जीत का प्रमाण नहीं, रहना चौकन्ना, तब तक विश्राम नहीं।
बंगाल में कितनी सीटों पर होगी दोबारा वोटिंग?
चुनाव आयोग ने फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला किया है। मतदान 21 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। वोटों की गिनती 24 मई को होगी। चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार, फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर नए सिरे से मतदान कराया जाएगा।


