राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी ने जयपुर शहर में अपने प्रत्याशियों के नामों पर फैसला करना शुरू कर दिया है। पार्टी ने संभावित उम्मीदवारों को फोन कर टिकट मिलने की सूचना देनी शुरू कर दी है। भाजपा की सूची आधिकारिक रूप से जारी होने से पहले ही कई बड़े नाम सामने आ गए हैं। इनमें पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए निवर्तमान पार्षद नीरज अग्रवाल और नगर निगम के पूर्व चेयरमैन भवानी सिंह राजावत शामिल हैं। निवर्तमान मेयर कुसुम यादव का टिकट कटा सबसे बड़ा फैसला किशनपोल विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 110 को लेकर हुआ है। यहां भारतीय जनता पार्टी ने जयपुर नगर निगम की पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल को अपना प्रत्याशी बनाया है। टिकट मिलने के बाद ज्योति खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी है, उसे वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगी। उन्होंने वार्ड की जनता के साथ मिलकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए काम करने की बात कही। वहीं, जयपुर की निवर्तमान मेयर कुसुम यादव का टिकट कट गया है। उनकी जगह भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे सुनील कोठारी को वार्ड नंबर 112 से प्रत्याशी बनाया है। पार्टी के इस फैसले को जयपुर निकाय चुनाव के अहम राजनीतिक फैसलों में से एक माना जा रहा है। भाजपा ने वार्ड नंबर 121 से कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए निवर्तमान पार्षद नीरज अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा नगर निगम के पूर्व चेयरमैन भवानी सिंह राजावत को आज पार्टी ने उनके जन्मदिन के मौके पर वार्ड नंबर 89 से टिकट दिया है। वार्ड नंबर 12 से निवर्तमान पार्षद रश्मि सैनी के पति राजेंद्र सैनी को भाजपा प्रत्याशी बनाया गया है। वार्ड 101 पर फंसा पेंच, टिकट फिलहाल होल्ड सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 101 को लेकर भाजपा में अभी भी फैसला नहीं हो पाया है। सूत्रों के अनुसार विधायक गोपाल शर्मा ने यहां से राजेश ताम्बी को प्रत्याशी बनाने की पैरवी की थी। इसके बाद भाजपा मुख्यालय पर विरोध की स्थिति भी बनी। बताया जा रहा है कि बाद में उनके स्थान पर सुरेश गोयल को टिकट दिलाने की पेशकश की गई, लेकिन शनिवार देर रात हुई बैठक में भी वार्ड 101 पर अंतिम सहमति नहीं बन सकी। भाजपा के सर्वे में वार्ड नंबर 101 से मनोज मुद्गल का नाम सामने आने की बात भी कही जा रही है। अलग-अलग नामों को लेकर बनी स्थिति के चलते फिलहाल इस वार्ड को होल्ड कर दिया गया है। इस सीट पर फैसला करने के लिए सुबह 10 बजे एक बार फिर बैठक होने की जानकारी सामने आई है। सांगानेर विधानसभा में इन नामों पर बनी सहमति भाजपा ने सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के कई वार्डों के लिए भी प्रत्याशियों के नाम तय किए हैं। वार्ड नंबर 38 से गणेश नारायण जाट, 39 से भवन लील, 40 से गंगवाल, 41 से दयाल सिंह भाकर, 42 से अशोक राव तानी, 43 से शैलेंद्र भार्गव, 44 से नवीन भंडारी, 45 से जसवंत बैरवा, 46 से पांडे, 47 से दीपा नाथावत, 48 से सिद्धार्थ टोंदवाल, 49 से मुकेश काका, 50 से पहलाद चावला, 51 से महेंद्र छिपा और 52 से पूरन माली के नाम सामने आए हैं। इसके अलावा वार्ड नंबर 54 से कमल किशोर शर्मा, वार्ड 56 से रेखा सैनी, वार्ड 57 से गिर्राज शर्मा मदाऊ और वार्ड 58 से सरोज वर्मा को प्रत्याशी बनाए जाने की जानकारी मिली है। हालांकि इन नामों की पार्टी की ओर से आधिकारिक सूची जारी होने का इंतजार है। नामांकन की अंतिम तारीख होने के कारण भाजपा ने टिकट वितरण की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। पार्टी की कोशिश है कि अधिकतर प्रत्याशियों को समय रहते सूचना दे दी जाए, ताकि वे नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर सकें। अब सभी की नजर भाजपा की आधिकारिक सूची पर टिकी है, जिसके जारी होते ही जयपुर नगर निगम चुनाव की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी।

