दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब परिवार शादी समारोह से लौट रहा था और उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क पर अचानक मवेशी के सामने आ जाने से अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना 7 मई की रात करीब 7:45 बजे टायर फैक्ट्री डौकीडीह रोड, अंडा के पास हुई। पुलिस के अनुसार, मृतिका रेखा बाई साहू (42), निवासी उतई, अपने बहनोई और परिवार के अन्य सदस्य के साथ बाइक से गुण्डरदेही से उतई लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक एक मवेशी सड़क पर आ गया, जिससे बाइक उससे टकराकर पलट गई। इलाज के दौरान महिला ने तोडा दम हादसे में रेखा बाई साहू के सिर पर गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान रेखा बाई ने दम तोड़ दिया। बाइक पर सवार दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया एसडीओपी अनूप लकड़ा ने बताया कि यह हादसा मवेशी के अचानक सड़क पर आने के कारण हुआ। पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।


