Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर चुनाव का ऐलान हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद (MLC) की खाली हो रही 9 नियमित सीटों और नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से खाली हुई 1 सीट (उपचुनाव) समेत कुल 10 सीटों पर चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इन सभी सीटों पर आगामी 18 जून 2026 को मतदान होगा और इसी दिन शाम तक नतीजे भी साफ हो जाएंगे।
28 जून को समाप्त हो रहा कार्यकाल
चूंकि यह चुनाव बिहार विधान परिषद के लिए हो रहा है, इसलिए इसमें राज्य की आम जनता मतदान नहीं करेगी। उच्च सदन की इन सीटों का फैसला बिहार विधानसभा के निर्वाचित विधायक अपने मतों के जरिए करेंगे। आयोग के अनुसार, यह चुनाव उन नौ सीटों को भरने के लिए कराया जा रहा है, जिनके सदस्यों का कार्यकाल 28 जून 2026 को समाप्त होने वाला है। वहीं, नीतीश कुमार के इस्तीफे से खाली हुई 10वीं सीट (उपचुनाव) का कार्यकाल मई 2030 तक शेष है।
चुनाव का शेड्यूल
- अधिसूचना जारी होने की तिथि: 1 जून 2026
- नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख: 8 जून 2026
- नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी): 96 जून 2026
- नाम वापस लेने का अंतिम मौका: 11 जून 2026
- मतदान और मतगणना : 18 जून 2026
निशांत कुमार और दीपक प्रकाश की एंट्री तय
इस चुनाव की सबसे बड़ी सुगबुगाहट बिहार सरकार के दो मंत्रियों को लेकर है, जो फिलहाल विधानसभा या विधान परिषद में से किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। नियम के मुताबिक, मंत्री पद पर बने रहने के लिए छह महीने के भीतर सदन की सदस्यता लेना अनिवार्य है।
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और बिहार के वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का विधान परिषद जाना पूरी तरह तय है। जदयू सूत्रों की मानें तो निशांत कुमार को अपने पिता की खाली हुई उपचुनाव वाली सीट के बजाय 6 साल के पूर्ण कार्यकाल वाली नई सीट से उच्च सदन भेजा जा सकता है।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बेटे और वर्तमान कैबिनेट मंत्री दीपक प्रकाश भी इस रेस में पूरी तरह फाइनल हैं। एनडीए के भीतर बनी सहमति के तहत बीजेपी अपने कोटे से एक सीट रालोमो को दे रही है, जिससे दीपक प्रकाश की एंट्री आसान हो गई है।


