श्रीगंगानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में जब्त 5.11 करोड़ के मादक पदार्थ जलाए

श्रीगंगानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में जब्त 5.11 करोड़ के मादक पदार्थ जलाए

Narcotics Disposal Operation: श्रीगंगानगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीगंगानगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मामलों में जब्त करीब 5.11 करोड़ रुपए मूल्य के मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट की धारा 52ए(2) के तहत न्यायालय से भौतिक सत्यापन करवाने के बाद जब्त मादक पदार्थों को सदर थाना क्षेत्र स्थित कालियां में श्याम क्लिन कंपनी के ईंट भट्ठे पर जलाकर नष्ट किया गया।

91 मामलों में जब्त किए मादक पदार्थ

पुलिस अधीक्षक के अनुसार जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के 91 प्रकरणों में जब्त 569 किलो 104 ग्राम पोस्त, 16 किलो 539 ग्राम गांजा, 1 किलो 979 ग्राम हेरोइन/स्मैक तथा 5365 नशीली गोलियों का नष्टीकरण किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 10 लाख 89 हजार 510 रुपए बताई गई है। इस कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक हरी शंकर की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई थी, इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा तथा अपराध शाखा से जुड़े अधिकारी शामिल थे।

मादक पदार्थों के नष्टीकरण की पूरी कार्रवाई पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान एनडीपीएस विंग प्रभारी सहायक उप निरीक्षक हरप्रीत सिंह सैनी एवं उनकी टीम की विशेष भूमिका रही। मादक पदार्थों के नष्टीकरण की वीडियोग्राफी भी मौके पर कराई गई। एसपी ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बॉर्डर पर विशेष निगरानी

जिले से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन से गिराई जा रही मादक पदार्थ और अवैध हथियारों की खेप को पकड़ने के लिए जिला स्तर पर पुलिस ने बड़ी योजना बनाई है। इसके लिए पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को भी एक्टिव कर दिया है। खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने बीते एक पखवाड़े में कई स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में तस्करी कर जिले में पहुंची मादक पदार्थ की खेप जप्त कर आरोपियों की धरपकड़ करने में सफलता प्राप्त की है। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस ने हाईवे पर विशेष नाकाबंदी पोस्ट भी बनाई है, जहां संदिग्ध वाहनों की निगरानी के लिए 24 घंटे पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *