भोपाल से मुंबई, दिल्ली की उड़ानें रद्द, फ़्लाइट शेड्यूल में जबरदस्त कटौती

भोपाल से मुंबई, दिल्ली की उड़ानें रद्द, फ़्लाइट शेड्यूल में जबरदस्त कटौती

Bhopal airport- भोपाल के राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मुंबई, दिल्ली की कई उड़ानें रद्द हो गई हैं। इंडिगो और एयर इंडिया एयरलाइंस की मनमानी से यात्री दो दिन से परेशान हो रहे हैं। एक जून से फ़्लाइट शेड्यूल में जबरदस्त कटौती की गई है जिसके बाद दिल्ली मुंबई सहित कई बड़े शहरों की अतिरिक्त फ़्लाइट को बंद कर दिया गया है। इसी के साथ जून और जुलाई में भोपाल से फ़्लाइट पकडऩे वालों को कम ऑप्शन मिलेंगे। एयरलाइंस कंपनियों ने देश के बड़े शहरों मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु और दिल्ली रूट पर फ़्लाइट में कटौती की है। यह कटौती 1 जून से ही शुरू हो गई है।

इंडिगो की भोपाल- हैदराबाद उड़ान 1 से 15 जून तक बंद

इंडिगो की भोपाल- हैदराबाद उड़ान 1 से 15 जून तक बंद रहेगी। इंडिगो की भोपाल-बेंगलुरु फ़्लाइट 17 जून से 24 अक्टूबर तक केवल मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी।

एअर इंडिया की भोपाल-मुंबई फ़्लाइट 1 जून से 31 जुलाई तक संचालित नहीं होगी

इसी तरह एअर इंडिया की भोपाल-मुंबई फ़्लाइट 1 जून से 31 जुलाई तक संचालित नहीं होगी, हालांकि इस बीच 18 जून और 7 जुलाई को सेवा उपलब्ध रहेगी। वहीं, एअर इंडिया की भोपाल-दिल्ली उड़ान 1 से 31 जुलाई तक बंद रहेगी।

नियमित यात्रियों, बिजनेसमैन और कनेक्टिंग फ़्लाइट पकडऩे वालों के लिए विकल्प कम

इससे नियमित यात्रियों, बिजनेसमैन और कनेक्टिंग फ़्लाइट पकडऩे वालों के लिए विकल्प कम हो जाएंगे। एविएशन क्षेत्र के एक्सपर्ट की मानें तो फ़्लाइट कम होने से ट्रैवलर्स को ज्यादा दिक्कतें होंगी। इससे एयरलाइंस कंपनियां इन रुट्स का फेयर बढ़ा सकती हैं। डिमांड अधिक होने पर किराया 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ सकता है।

किस रूट पर कितने दिन रहेगी कटौती

रूट-अवधि-स्थिति
भोपाल-हैदराबाद-1 जून से 15 जून-बंद
भोपाल-मुंबई-1 जून से 31 जुलाई-बंद
भोपाल-बेंगलुरु-17 जून से 24 अक्टूबर-सप्ताह में 3 दिन भोपाल-दिल्ली-1 जुलाई से 31 जुलाई-बंद

विदेशों के लिए फ़्लाइट के लिए सर्वे

इधर भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट को “इंटरनेशनल एयरपोर्ट” के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए जहां एयरपोर्ट का तेजी से विकास किया जा रहा है वहीं विदेशों के लिए फ़्लाइट के लिए सर्वे किया जा रहा है। इंडिगो और एयर इंडिया जैसी एयरलाइंस का यहां से दुबई के लिए डायरेक्ट फ़्लाइट शुरू करने का विचार है। इसके लिए पिछले दो वर्षों सर्वे कर संभावनाएं तलाश रही हैं। दोनों कंपनियों ने कई बार यात्रियों की संख्या और व्यावसायिक व्यवहार्यता का आकलन भी किया है। हालांकि अब तक कोई स्थायी शेड्यूल जारी नहीं हो पाया। एयरपोर्ट से नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालित करने के लिए अधिकारी पूरा जोर लगा रहे हैं। भोपाल एयरपोर्ट के नए अराइवल एरिया में अब यात्रियों के लिए रिजर्व लाउंज और प्री-पेड टैक्सी बुकिंग जैसी सुविधाएं भी शुरू की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *