रामानुजगंज। सुशासन तिहार के अवसर पर नगर पालिका परिषद रामानुजगंज में लगभग 14 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के 113 हितग्राहियों को कार्यादेश भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम रहे। लरंग साय कम्युनिटी हॉल में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि नगर के विभिन्न वार्डों में अधोसंरचना और जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत कन्हर नदी में मिलने वाले गंदे पानी के उपचार के लिए 4.82 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना प्रमुख है। इसके अलावा डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्वसमाज मांगलिक भवन निर्माण के लिए 2.41 करोड़ रुपये, वार्ड 1 से 15 तक आरसीसी नाली निर्माण के लिए 1.78 करोड़ रुपये तथा सीसी रोड निर्माण के लिए 1.15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नगर में होंगे कई जनसुविधा कार्य मंत्री नेताम ने बताया कि नगर में पाइपलाइन विस्तार, पेवर ब्लॉक निर्माण, अटल स्मृति तालाब, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति तालाब, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र, सामुदायिक भवन, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, छठ घाट, मुक्तिधाम अहाता, सांस्कृतिक भवन और विभिन्न स्थलों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य भी कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए नगरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। 66 में से 63 आवेदनों का हुआ निराकरण कार्यक्रम में कलेक्टर संजय चंदन त्रिपाठी ने सुशासन तिहार के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने जानकारी दी कि प्राप्त 66 आवेदनों में से 63 का निराकरण किया जा चुका है। कलेक्टर ने नगरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने की अपील भी की। अध्यक्ष ने रखीं नई मांगें नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कार्यक्रम के दौरान नगर हित से जुड़े कई प्रस्ताव रखे। उन्होंने 29.50 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजना को शीघ्र स्वीकृति दिलाने, अस्पताल में डायलिसिस यूनिट और ब्लड बैंक की स्थापना तथा रिंग रोड निर्माण के लिए भूमि देने वाले 62 प्रभावितों को मुआवजा दिलाने की मांग की।


