बिलासपुर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 539 मामलों में कुल 3 लाख 63 हजार 15 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.एस. चौहान के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में वाणिज्य विभाग, टिकट जांच स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम शामिल रही। स्टेशन से लेकर ट्रेनों तक हुई सघन जांच चेकिंग टीम ने रेलवे स्टेशन के विभिन्न प्रवेश एवं निकास द्वारों, प्लेटफॉर्मों और 20 ट्रेनों में व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना टिकट यात्रा करने, गलत श्रेणी में सफर करने तथा बिना बुक किए सामान ले जाने वाले यात्रियों की पहचान कर कार्रवाई की गई। 376 यात्री बिना टिकट पकड़े गए जांच के दौरान कुल 539 मामले दर्ज किए गए। इनमें सबसे अधिक 376 मामले बिना टिकट यात्रा के पाए गए, जिनसे 2 लाख 80 हजार 220 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, अनियमित टिकट पर यात्रा करने के 154 मामलों में 81 हजार 895 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बिना बुक किए सामान ले जाने के 9 मामलों में 900 रुपये की वसूली की गई। यात्रियों को किया गया जागरूक अभियान के दौरान रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने, रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने और रेलवे नियमों का पालन करने के प्रति भी जागरूक किया। रेलवे प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और राजस्व संरक्षण के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


