Bhilwara News: भीलवाड़ा में मंदिर के बाहर मिली खाल, आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम, पुलिस जाप्ता तैनात

Bhilwara News: भीलवाड़ा में मंदिर के बाहर मिली खाल, आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम, पुलिस जाप्ता तैनात

भीलवाड़ा। शहर के शास्त्रीनगर क्षेत्र में रविवार रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब सोलंकी टॉकीज रोड स्थित हनुमान मंदिर के बाहर एक मृत बकरे के अवशेष और खाल पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले को लेकर क्षेत्र में देर रात तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

यह वीडियो भी देखें

नारेबाजी और चक्काजाम से थमी रफ्तार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे मंदिर के बाहर बकरे के अवशेष और खाल पड़े दिखाई दिए। देखते ही देखते यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर नारेबाजी शुरू कर दी और सोलंकी टॉकीज रोड पर चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। कई वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना पड़ा। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे स्थिति और अधिक संवेदनशील बन गई। कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी देखने को मिली।

पुलिस की समझाइश से शांत हुआ मामला

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी हनुमान सिंह भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की। काफी देर तक चली समझाइश और बातचीत के बाद लोग शांत हुए, जिसके बाद सड़क से जाम हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने मौके से अवशेष हटवाकर पूरे क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी।

क्षेत्र में पुलिस बल तैनात

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश साझा नहीं करने की भी अपील की है, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *