Bharat Taxi : राजस्थान में 7,000 चालकों ने कराया रजिस्ट्रेशन, जानें नए अपडेट?

Bharat Taxi : राजस्थान में 7,000 चालकों ने कराया रजिस्ट्रेशन, जानें नए अपडेट?

Bharat Taxi : केंद्र सरकार के सहकारी मॉडल पर आधारित देश की पहली सहकारी कैब सर्विस ‘भारत टैक्सी’ जून से जयपुर में अपना ‘सॉफ्ट लॉन्च’ करने जा रही है। वैसे इस सेवा की विधिवत शुरुआत जुलाई में होगी। इसे निजी कैब कंपनियों के मजबूत और किफायती विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। इसमें पहले चरण में सात हजार ड्राइवर अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। भारत टैक्सी में ड्राइवर को ‘सारथी’ का नाम दिया गया है।

निजी कैब कंपनियों के विपरीत, भारत टैक्सी शुरुआत में जीरो कमीशन पर काम करेगी। फिलहाल ड्राइवर के लिए कोई सब्सक्रिप्शन चार्ज नहीं रखा गया है, हालांकि भविष्य में संचालन को बेहतर बनाने के लिए बेहद न्यूनतम फीस ली जा सकती है। उपभोक्ताओं के लिए सबसे राहत की बात यह है कि इसमें मौसम या व्यस्त समय के नाम पर न तो किराया बढ़ेगा और न ही अतिरिक्त शुल्क लिया जा सकता है। हालांकि अभी किराए की दरें तय नहीं की गई हैं। उपभोक्ताओं के लिए अच्छी बात यह है कि राइड कैंसिल करने पर इसमें कोई कैंसिलेशन चार्ज भी नहीं वसूला जाएगा।

महिलाएं भी बन सकती हैं सारथी

इस सेवा में महिला ड्राइवर को भी समान रूप से शामिल होने का अवसर दिया गया है। यदि महिला कैब ड्राइवर भी इस सेवा से जुड़ना चाहती हैं तो वे भी रजिस्ट्रेशन कर सकती हैं। सुरक्षा के लिहाज से सभी ड्राइवर का डेटा पूरी तरह सत्यापित है। ऐप में जीपीएस ट्रैकिंग, लाइव लोकेशन शेयरिंग और यात्रा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की सुविधा है। किसी भी आपात स्थिति के लिए ऐप में एक एसओएस इमरजेंसी बटन भी रखने की योजना है।

ऐसे करा सकते रजिस्ट्रेशन और बुकिंग

ड्राइवर्स को गूगल प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड कर ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ी की आरसी और पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड करनी होगी। वहीं आम यात्री प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड कर अपने मोबाइल नंबर के जरिए लॉगिन कर सकते हैं। इसके बाद अपनी लोकेशन डालकर आसानी से कैब, बाइक या ऑटो बुकिंग की जा सकती है।

इंटरसिटी सेवा भी – सिटी हेड अभिषेक चारण

भारत टैक्सी के सिटी हेड अभिषेक चारण का कहना है कि जयपुर से राज्य के किसी दूसरे शहर में जाने के लिए भी भारत टैक्सी की बुकिंग कराई जा सकती है। जबकि प्रदेश के बाहर जिन शहरों में अभी भारत टैक्सी की सेवा संचालित हैं, वहीं के लिए बुकिंग हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *