पीएम मोदी के आगमन से पहले सीएम योगी पहुंचे काशी, करेंगे समीक्षा बैठक, स्थलीय निरीक्षण का भी प्लान

पीएम मोदी के आगमन से पहले सीएम योगी पहुंचे काशी, करेंगे समीक्षा बैठक, स्थलीय निरीक्षण का भी प्लान

वाराणसी: अपने दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार की शाम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी पहुंचे। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल के प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्यमंत्री योगी काशी पहुंचे हुए हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पण और उद्घाटन होने वाले विकास कार्यों का जायजा लेंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान वह जिले के अधिकारियों संग सर्किट हाउस में कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान भाजपा के पदाधिकारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे। इसको लेकर अधिकारियों ने तैयारी की है।

दर्शन पूजन भी करेंगे सीएम

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस में बैठक के बाद काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर सीएम योगी केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही परियोजनाओं की जमीनी हकीकत भी देख सकते हैं।

बरेका ग्राउंड का करेंगे निरीक्षण

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर काशी आ सकते हैं। इसके साथ ही बरेका ग्राउंड में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर महिलाओं से संवाद कर सकते हैं। इसी को लेकर सीएम योगी बरेका जाकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। मुख्यमंत्री जिन रास्तों से होकर गुजरेंगे उन रास्तों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है। इसके साथ ही विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित दस्तावेज को भी दुरुस्त रखने के लिए कहा गया था। मुख्यमंत्री इसके बाद रात्रि विश्राम करेंगे और बुधवार की सुबह काशी से रवाना हो जाएंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *