बालोतरा। जिले के पचपदरा थाना क्षेत्र के भांडियावास गांव के पास ईद के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। सूचना मिलते ही पचपदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत बालोतरा के नाहटा जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह वीडियो भी देखें
पचपदरा थाना एएसआई अमराराम ने बताया कि भांडियावास गांव के पास अचानक कार का टायर फट गया। टायर फटने के बाद वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से करीब 10 फीट नीचे पलट गया। हादसे के समय कार में कुल सात लोग सवार थे। सभी लोग ईद के मौके पर अजमेर दरगाह में जियारत कर अपने गांव लौट रहे थे।
वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस के अनुसार हादसे में रहमत (52) पत्नी नूर मोहम्मद, अरशद (8) पुत्र नूर मोहम्मद और कादर खान (35) पुत्र इनायत निवासी कोनरा विलायतशाह, चौहटन (बाड़मेर) की मौत हो गई। चिकित्सकों ने अस्पताल पहुंचने पर तीनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल काजे खान और हबीब खान की हालत गंभीर होने पर उन्हें जोधपुर रेफर किया गया है।
दो घायल निजी अस्पताल में भर्ती
इसके अलावा रजाक खान और सवाई खान का बालोतरा के निजी अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के कारण परिवारों में शोक का माहौल है। गांव में घटना की सूचना मिलते ही लोग अस्पताल पहुंचने लगे। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इससे पहले गडरारोड़-मुनाबाव राष्ट्रीय राजमार्ग-25 पर तहसील मुख्यालय के सामने बेहद दर्दनाक हादसा हुआ हुआ था। यहां एक तेज रफ्तार कार ने 12 वर्षीय मासूम बच्ची की जान ले ली थी। हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया था। हालांकि, घबराहट में भागने के चक्कर में कुछ ही दूरी पर तामलोर फांटे के पास उसकी कार सड़क किनारे उतरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।


