Ayush Mhatre injury: आयुष म्हात्रे की हैमस्ट्रिंग फटी, तीन हफ़्ते के लिए आईपीएल से हुए बाहर! क्या CSK लेगी रिप्लेसमेंट?

Ayush Mhatre injury: आयुष म्हात्रे की हैमस्ट्रिंग फटी, तीन हफ़्ते के लिए आईपीएल से हुए बाहर! क्या CSK लेगी रिप्लेसमेंट?

Ayush Mhatre injury: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 27वां मैच सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला गया। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में चेन्नई के स्टार युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे बुरी तरह चोटिल हो गए। बल्लेबाजी करते समय उनकी हैमस्ट्रिंग फट गई, जिसके कारण वे कम से कम तीन हफ्तों तक टूर्नामेंट से बाहर रहेंगे।

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक वो करीब तीन हफ्तों तक मैदान से बाहर रह सकते हैं। म्हात्रे इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे थे और 12 गेंदों में 30 रन बनाने के बाद उन्होंने दो रन लेने की कोशिश की और हैमस्ट्रिंग खिंचा बैठे। जिसके बाद उन्हें तेज दर्द उठा और वे मैदान पर बैठ गए। टीम के फिजियो टॉमी सिम्सेक तुरंत मैदान पर आए मेडिकल सहायता दी।

इसके बाद विकेटों के बीच दौड़ते समय वह साफ तौर पर असहज महसूस कर रहे थे और कुछ ही गेंदों बाद आउट हो गए; नीतीश रेड्डी की गेंद पर हेनरिक क्लासेन ने उनका शानदार कैच लपका। पवेलियन लौटते समय, म्हात्रे को रामकृष्ण घोष और फिजियो तैफुन सिमसेक की मदद से मैदान से बाहर ले जाना पड़ा।

सोमवार को मुंबई पहुंचने के बाद म्हात्रे का स्कैन होगा, जहां चेन्नई का अगला मैच गुरुवार को मुंबई इंडियंस (MI) से है। राहत की बात यह है कि अभी म्हात्रे को दर्द नहीं है और वो बिना तकलीफ के चल-फिर पा रहे हैं। इससे उम्मीद है कि टूर्नामेंट के बाद के चरण में वो वापसी कर सकते हैं। हालांकि चोट की असली गहराई स्कैन के बाद ही पता चलेगी।

बैटिंग कोच माइक हसी ने कहा, “यह हैमस्ट्रिंग टियर है। कितना बुरा है यह अभी नहीं पता। कल या परसों स्कैन होगा। देखने में काफी बुरा लग रहा है। वो हमारे लिए बहुत बड़ा नुकसान होगा क्योंकि वो शानदार फॉर्म में थे।”

CSK के लिए बड़ा झटका

म्हात्रे इस सीजन नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए टीम को शुरुआती मजबूती दे रहे थे। ऋतुराज गायकवाड़ की फॉर्म को देखते हुए उन्हें संजू सैमसन के साथ ओपनिंग पर भेजने पर भी विचार चल रहा था। उनकी गैरमौजूदगी पहले से मुश्किल में फंसी CSK के लिए और बड़ा सिरदर्द बनेगी।

अश्विन ने उठाए सवाल

पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर टीम प्रबंधन के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “जब वो बल्लेबाजी करने आए तब घुटने पर पट्टी बंधी थी। पिछले दो-तीन मैचों से वो इम्पैक्ट सब के तौर पर खेल रहे हैं। चोट पहले से चिंता का विषय थी। अगर फील्डिंग नहीं की तो क्रैम्प तो था नहीं। फिजियो ने देखा, वो लंगड़ा रहे थे, फिर भी उनसे खेलवाया गया और रन भी दौड़ाए गए। लड़खड़ाते खिलाड़ी को रिटायर्ड आउट क्यों नहीं किया? यह देखकर धक्का लगा।”

वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस का सामना करने से पहले सीएसके के पास चार दिन का गैप है। आयुष की जगह उर्विल पटेल को टीम मौका दे सकती है। उर्विल टी20 क्रिकेट में 28 गेंदों पर शतक जड़ चुके हैं और पिछले सीजन सीएसके के लिए नंबर 3 पर खेले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *