गाजियाबाद के विजय नगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर इलाके से 2 छोटी बच्चियों के लापता होने का मामला सामने आया है। एक ऑटो चालक इन बच्चियों को अपने साथ लेकर फरार हो गया, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, ऑटो चालक पीड़ित परिवार के घर के पास ही रहता था। वह पहले भी इलाके के बच्चों को टॉफी खिलाता था और कई बार उन्हें अपने ऑटो में घुमाने भी ले जाता था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही बताया जा रहा है कि दोपहर के समय वह दोनों बच्चियों को अपने साथ ले गया, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी वे घर वापस नहीं लौटीं। लापता बच्चियों की उम्र लगभग 3 साल और 4 साल बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि ऑटो चालक ने पहले फोन पर जानकारी दी थी कि बच्चियां उसके पास हैं। हालांकि, कुछ देर बाद उसने अपना बयान बदलते हुए कहा कि बच्चियां उसके पास नहीं हैं। इसके तुरंत बाद उसने अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिया। सूचना मिलने पर विजय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आसपास के थानों को सूचित किया थाना प्रभारी ने बताया कि सभी चौकियों और आसपास के क्षेत्रों में वायरलेस संदेश प्रसारित कर दिया गया है। पुलिस की टीमें बच्चियों और ऑटो चालक की तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों ने जल्द ही दोनों बच्चियों को सकुशल बरामद करने का आश्वासन दिया है।


