सेटबैक के विरोध में महिलाओं का धरना जारी:मेरठ में श्रीराम कथा, भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा पाठ कर घर बचाने की लगाई गुहार

सेटबैक के विरोध में महिलाओं का धरना जारी:मेरठ में श्रीराम कथा, भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा पाठ कर घर बचाने की लगाई गुहार

मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेक्टर 2 और सेक्टर-3 व 4 के चौराहे पर सेटबैक कार्रवाई के विरोध में महिलाओं का धरना सोमवार को भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने श्रीराम कथा का पाठ, भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कर अपने घरों को बचाने की प्रार्थना की। धरने पर बैठी महिलाओं का कहना है कि क्षेत्र में अधिकांश मकान अल्प एवं दुर्बल आय वर्ग के परिवारों के हैं। उनका आरोप है कि सेटबैक नियमों के तहत की जाने वाली कार्रवाई से उनके आशियानों पर संकट खड़ा हो गया है। महिलाओं के मुताबिक कई मकानों में छज्जों पर ही टॉयलेट और बाथरूम बने हुए हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ से पूरा मकान असुरक्षित हो सकता है। सेंट्रल मार्केट और गोल मंदिर चौराहे पर जुटी महिलाओं ने कहा कि वे पहले ही घरों में बनी दुकानों को तोड़ चुके हैं। अब उन्हें इस बात का डर सता रहा है कि कहीं उनके रहने के लिए भी जगह न छिन जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले 30 से 40 वर्षों से इन मकानों में रह रहे हैं और अब सेटबैक नियमों के नाम पर उनके घरों को विवादित बनाकर कार्रवाई की जा रही है।
धरनास्थल पर महिलाओं ने भगवान की आरती कर भोग लगाया और प्रसाद का वितरण किया। गोल मंदिर चौराहे पर महिलाओं ने भजन-कीर्तन करते हुए हनुमान चालीसा का पाठ किया और अपने घरों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। पिछले लगभग एक महीने से जारी धरने में महिलाओं के साथ छोटे बच्चे भी रोजाना शामिल हो रहे हैं। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के कारण महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई महिलाओं की तबीयत भी खराब हुई है, लेकिन इसके बावजूद वे दवा लेकर धरनास्थल पर पहुंच रही हैं। स्थानीय व्यापारी भी महिलाओं के समर्थन में धरनास्थल पर पहुंचकर उनका मनोबल बढ़ा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *