Ashok Gehlot : जोधपुर के मंडोर गार्डन हादसे पर अशोक गहलोत की कड़ी प्रतिक्रिया, कहा-जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई हो

Ashok Gehlot : जोधपुर के मंडोर गार्डन हादसे पर अशोक गहलोत की कड़ी प्रतिक्रिया, कहा-जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई हो

Ashok Gehlot : जोधपुर शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल मंडोर गार्डन में टॉय ट्रेन की सवारी के दौरान 5 वर्षीय मासूम बच्ची अनायरा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में चचेरी बहन मुस्कान भी गंभीर रूप से घायल हुई। इस पर कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। अशोक गहलोत ने कहाकि जोधपुर विकास प्राधिकरण को इस हादसे के जिम्मेदारों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर अपनी प्रतिक्रिया लिखते हुए कहा कि जोधपुर के मंडोर उद्यान में टॉय ट्रेन के दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में 5 वर्षीय मासूम बच्ची अनायरा की मृत्यु होना बेहद दुखद है। जोधपुर विकास प्राधिकरण को इस हादसे के जिम्मेदारों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और ऐसी एसओपी बनानी चाहिए ताकि इस प्रकार के हादसों की पुनरावृत्ति न हो साथ बच्चों की सुरक्षा के लिए सभी माकूल प्रबंध इस ट्रेन में करें। बच्ची के माता पिता के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें इस वज्रपात को सहने की शक्ति प्रदान करें।

जानें क्या है मंडोर गार्डन का दर्दनाक हादसा

यह दर्दनाक हादसा जोधपुर शहर के मशहूर पर्यटन स्थल मंडोर गार्डन हुआ। जानकारी के अनुसार, बरकत साहब की हवेली बंबा स्कूल क्षेत्र निवासी मोहम्मद हबीब 31 मई की शाम अपने परिवार के साथ मंडोर गार्डन घूमने गए थे। उनके साथ पत्नी अफसाना, बेटी अनायरा (5 वर्ष), भाभी शहनाज और भतीजी मुस्कान (20 वर्ष) भी थी।

मोहम्मद हबीब का परिवार टॉय ट्रेन पर बैठा पर कुछ ही मिनटों में यह सफर दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गया। परिजनों के अनुसार, शाम छह बजे टॉय ट्रेन मंडोर स्थित काला-गोरा भैरूजी मंदिर क्षेत्र के पास पहुंची थी। उसी वक्त चालक ने अचानक तेज ब्रेक लगा दिए। झटका लगने से ट्रेन में बैठी अनायरा का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई।

अनायरा ट्रेन के नीचे आ गई और ट्रेन का पहिया बच्ची की गर्दन के ऊपर से गुजर गया। बच्ची को बचाने के प्रयास में चचेरी बहन मुस्कान भी नीचे गिरकर घायल हो गई। घटना के बाद दोनों को तुरंत जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अनायरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं मुस्कान का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मंडोर थानाधिकारी शेषकरण ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर टॉय ट्रेन संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *