गुना के नानाखेड़ी इलाके में दुकानदार पर फायर करने वाले आरोपी के पास एक और बंदूक भी थी। पुलिस ने रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में मिली जानकारी के बाद बंदूक और जिंदा राउंड जब्त कर लिए हैं। बता दें कि राधा कॉलोनी निवासी संजीव जैन की नानाखेड़ी मंडी गेट के पास पुरानी गाडिय़ां खरीदने-बेचने की दुकान है। 9 अप्रैल को संजीव अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी शाम 4 बजे अचानक एक युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए बाइक से वहां पहुंचा। आरोपी ने चिल्लाते हुए संजीव को ललकारा और कहा, मैं बताता हूं तुझे, तू बहुत बड़ा गुंडा बनता है। इतना कहते ही आरोपी ने पिस्तौल निकाली और करीब 20 फीट की दूरी से संजीव को निशाना बनाकर दनादन दो फायर झोंक दिए। संजीव ने फुर्ती दिखाते हुए खुद को बचाया, जिससे दोनों गोलियां उन्हें छुए बिना दुकान की दीवार में जा धंसी। हमलावर ने जैसे ही तीसरा फायर करने की कोशिश की, गोली पिस्तौल के चैंबर में ही फंस (मिसफायर) गई। तीसरा फायर अटकते ही आरोपी छोटू बैरागी घबरा गया और मौके से भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन दुकानदार संजीव जैन ने हार नहीं मानी और शोर मचाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को घेर लिया। अपनी जान की परवाह न करते हुए संजीव ने आरोपी को पकडक़र दुकान के अंदर धकेला और बाहर से शटर गिराकर उसे कैद कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
SP हितिका वासल ने बताया था कि पुलिस इस मामले में यह पता लगाएगी कि वो हथियार कहां से लाया था। कैंट पुलिस ने बताया कि आरोपी से जब्त पिस्टल के अन्य स्त्रोत के संबंध पूछताछ के लिए न्यायालय से उसे पुलिस रिमाण्ड पर लेकर पूछताछ की गई। इसमें आरोपी ने और एक लोडेड पिस्टल विलोनिया गांव के पास छिपाकर रखना बताया। उसने बताया कि कमलापुर निवासी अरविन्द कटारिया से उसने पिस्टल खरीदी थी। इसके बाद पुलिस द्वारा आरोपी छोटू बैरागी की निशादेही से एक पिस्टल और एक जिंदा राउण्ड बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी छोटू बैरागी और अरिवन्द कटारिया के खिलाफ एक और मामला आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया है।


