अलवर: केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने सरिस्का में की टाइगर सफारी

अलवर: केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने सरिस्का में की टाइगर सफारी

केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव गुरुवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर अलवर में हैं। उनके इस दौरे की शुरुआत प्रकृति के सानिध्य में बेहद खास अंदाज में हुई। सुबह के शांत वातावरण में केंद्रीय मंत्री सरिस्का टाइगर रिजर्व पहुंचे, जहां उन्होंने वन्यजीवों और अरावली की जैव विविधता का आनंद लेते हुए सफारी की। इस दौरान उनके साथ मुख्य वन संरक्षक (CCF) संग्राम सिंह और पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर चौधरी सहित प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सरिस्का की सुंदरता देख हुए अभिभूत

सफारी के दौरान भूपेंद्र यादव ने सरिस्का में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और बाघ संरक्षण परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। वे सफारी करते हुए सुप्रसिद्ध पांडूपोल हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन कर आशीर्वाद लिया। प्रकृति के बीच बिताए इन क्षणों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि अरावली की गोद में स्थित सरिस्का की शांत और सुरम्य धरती को देखना एक प्रेरणादायक अनुभव है।

उन्होंने आगे कहा कि उगते सूर्य की सुनहरी किरणों के बीच प्रकृति का यह अनुपम सौंदर्य मन को नई ऊर्जा से भर देता है। सरिस्का का समृद्ध वन्यजीवन और विशेषकर बाघों का संरक्षण हमारे पर्यावरणीय संतुलन के लिए अनिवार्य है। यह अनुभव हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों की याद दिलाता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए इन संसाधनों को सहेजने का संकल्प देता है।

अलवर दर्शन पार्क: कबाड़ से निखरी जिले की पहचान

सरिस्का के बाद केंद्रीय मंत्री का अगला मुख्य पड़ाव शहर की सूर्य नगर कॉलोनी है। यहाँ वे नगर विकास न्यास (UIT) द्वारा तैयार किए गए ‘अलवर दर्शन पार्क’ का लोकार्पण करेंगे। यह पार्क जिले के पर्यटन मानचित्र पर एक नया मील का पत्थर साबित होगा। इस पार्क की सबसे बड़ी विशेषता इसकी थीम है। लगभग 84 लाख रुपए की लागत से निर्मित इस पार्क में ‘वेस्ट टू वंडर’ अवधारणा को साकार किया गया है।

पार्क के भीतर लोहे के पुराने कबाड़ और बेकार सामान से जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों और सरिस्का के वन्यजीवों की 11 बेहद आकर्षक कलाकृतियां बनाई गई हैं। यहाँ आने वाले पर्यटक एक ही स्थान पर पूरे अलवर जिले के ऐतिहासिक और प्राकृतिक गौरव का प्रतिरूप देख सकेंगे। इसके साथ ही, भूपेंद्र यादव बुध विहार स्थित पार्क लाइब्रेरी का भी उद्घाटन करेंगे, जो स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों के लिए अध्ययन का एक बेहतर केंद्र बनेगी।

केंद्रीय मंत्री के इन कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। उनके इस दौरे से न केवल अलवर के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन के प्रति भी समाज में एक सकारात्मक संदेश जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *