पश्चिम बंगाल के लिए अपना एग्जिट पोल जारी नहीं करेगा Axis My India, खुद वजह भी बताई

पश्चिम बंगाल के लिए अपना एग्जिट पोल जारी नहीं करेगा Axis My India, खुद वजह भी बताई

पश्चिम बंगाल में सत्ता की लड़ाई रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। वोटिंग के आखिरी फेज के ठीक बाद कई एग्जिट पोल आए हैं, जिनमें कुछ भाजपा को बहुमत देते दिख रहे हैं तो कुछ ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को सत्ता में बरकरार रखने का अनुमान लगा रहे हैं। लेकिन सबसे भरोसेमंद एजेंसियों में शुमार एक्सिस माय इंडिया ने अभी तक कोई आंकड़ा जारी नहीं किया।

एक्सिस माय इंडिया ने अपना एग्जिट पोल जारी करने से साफ इनकार कर दिया है। उनकी वजह हैरान करने वाली है, उसका कहना है कि बंगाल में लोग डर से मुंह ही नहीं खोल रहे थे।

मतदाता कुछ नहीं बोल रहे?

एक्सिस माय इंडिया के फाउंडर प्रदीप गुप्ता ने एनडीटीवी को बताया कि उनकी टीम फेस टू फेस बातचीत करती है। पहले फेज के बाद जब सर्वे करने गए तो 60 से 70 प्रतिशत लोग कुछ भी बोलने को तैयार नहीं थे। वे न हां कह रहे थे, न ना। बस चुप्पी साधे खड़े रहते या चल देते।

गुप्ता ने कहा- बंगाल में लोग चुनाव के बारे में किसी से बात करने को तैयार नहीं हैं। 20-30 प्रतिशत सैंपल पर कोई नंबर देना गलत होगा।’ गुप्ता ने बताया कि उन्होंने गुरुवार को भी कोशिश की, लेकिन स्थिति ज्यादा नहीं बदली।

आखिरकार उन्होंने ऐलान कर दिया कि इस बार बंगाल के लिए कोई एग्जिट पोल नहीं जारी करेंगे। उन्होंने कहा- जब कोई बोल ही नहीं रहा तो मेरी सीमाएं सिमट जाती हैं। हमने बहुत मेहनत की, पसीना बहाया, लेकिन सैंपल रिप्रेजेंटेटिव नहीं बना तो आंकड़े देना सही नहीं।

दूसरे एग्जिट पोल क्या कह रहे हैं?

दूसरी एजेंसियों के अनुमान काफी अलग-अलग हैं। प्रजा पोल ने भाजपा को 178 से 208 सीटें दी हैं, जबकि मैट्राइज और पोल डायरी ने भी भाजपा को बहुमत (161 और 171 सीटों) के करीब बताया है।

दूसरी तरफ जनमत पोल और पीपुल्स पल्स ने टीएमसी और उसके सहयोगियों को 195-205 और 177-187 सीटें देते हुए सत्ता बचाने का अनुमान लगाया है। इन पोल्स के मुताबिक ममता बनर्जी की पार्टी की संगठनात्मक ताकत और कल्याणकारी योजनाएं अभी भी काम कर रही हैं।

लेफ्ट और कांग्रेस के गठबंधन को ज्यादातर सर्वे में सिंगल डिजिट सीटें ही मिलती दिख रही हैं। यानी तीसरी ताकत के तौर पर उनका प्रभाव लगभग खत्म सा दिख रहा है।

294 सीटों का गणित

बंगाल विधानसभा में कुल 294 सीटें हैं। बहुमत के लिए 148 सीटें चाहिए। अब सवाल यह है कि आखिर असली नतीजा क्या होगा? एग्जिट पोल तो सिर्फ अनुमान हैं। असली फैसला 4 मई को मतगणना के बाद आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *