अलवर-कोटपूतली मुख्य सड़क पर भरा 2 फीट पानी, वाहन चालक परेशान

अलवर-कोटपूतली मुख्य सड़क पर भरा 2 फीट पानी, वाहन चालक परेशान

राजस्थान के बानसूर कस्बे से निकलने वाली मुख्य बाईपास सड़क इस समय राहगीरों और वाहन चालकों के लिए आफत का सबब बनी हुई है। बीती रात हुई मामूली बारिश ने एक बार फिर स्थानीय प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग के दावों की पोल खोलकर रख दी है।

रात को हुई बरसात के बाद सुबह जब लोग अपने घरों से काम के लिए निकले, तो बानसूर बाईपास रोड पर दरिया जैसा नजारा देखने को मिला। सड़क पर करीब दो से ढाई फीट तक गंदा पानी जमा हो गया है, जिससे यह पहचानना भी मुश्किल हो गया है कि सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क।

अलवर और कोटपूतली को जोड़ती है यह सड़क

आपको बता दें कि यह कोई साधारण या गली-मोहल्ले की सड़क नहीं है, बल्कि यह बानसूर कस्बे का मुख्य बाईपास रोड है जो कोटपूतली और अलवर जिले को आपस में जोड़ता है। इस वजह से इस मार्ग पर चौबीसों घंटे भारी वाहनों के साथ-साथ हजारों की संख्या में दोपहिया और चौपहिया वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। कनेक्टिविटी के लिए महत्पूर्ण यह सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि यहां से गुजरना अब किसी खतरे से खाली नहीं रह गया है।

कई लोग हुए चोटिल

सड़क पर पानी इतना ज्यादा भरा हुआ है कि बीती रात और आज सुबह कई बाइक सवार इस पानी में संतुलन बिगड़ने के कारण गिर गए। पानी के नीचे छिपे बड़े-बड़े गड्ढों के कारण कई गाड़ियां और ऑटो, बाइक बीच रास्ते में ही बंद हो गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने बताया कि यहां मामूली सी बारिश होते ही पूरी सड़क पर पानी जमा हो जाता है। पानी निकासी की कोई उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह गंदा पानी कई दिनों तक ऐसे ही भरा रहता है, जिससे राहगीर तो परेशान होते ही हैं, साथ ही आस-पास के दुकानदारों का धंधा भी चौपट हो जाता है।

जिम्मेदार अधिकारी बैठे हैं मौन

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा हैरान और परेशान करने वाली बात यह है कि इस गंभीर समस्या की जानकारी होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह से मौन साधे बैठे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस जलभराव की समस्या को लेकर कई बार स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज तक इस समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं निकाला गया। अधिकारियों की इस अनदेखी के कारण बानसूर के लोगों में भारी आक्रोश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *