Rajasthan Hospital Strike: जयपुर निविक अस्पताल के निदेशक डॉक्टर सोमदेव बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदेशभर के निजी चिकित्सकों ने 24 घंटे की हड़ताल का एलान किया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) राजस्थान के आह्वान पर 14 अप्रेल सुबह 8 बजे से 15 अप्रेल सुबह 8 बजे तक राज्य की सभी निजी चिकित्सा सेवाएं बंद रहेंगी।
आईएमए राजस्थान के जोनल सचिव डॉ. अनुराग शर्मा ने बताया कि संबंधित मामले में मेडिकल बोर्ड के लापरवाही नहीं पाए जाने के बावजूद आरजीएचएस से जुड़ी अनियमितताओं के आधार पर गिरफ्तारी की गई, जिससे चिकित्सकों में गहरा रोष है।
आरजीएचएस सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का निर्णय
सरकारी चिकित्सक हड़ताल में शामिल नहीं होंगे, लेकिन विरोध प्रदर्शन कर अपना समर्थन जताएंगे। आईएमए आरजीएचएस योजना में व्याप्त समस्याओं भुगतान में देरी, पेनल्टी और जटिल प्रक्रियाओं के विरोध में निजी अस्पतालों की ओर से आरजीएचएस सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का भी निर्णय लिया है।
इमरजेंसी सेवाएं भी रहेंगी स्थगित
आईएमए अध्यक्ष डॉ. महेश शर्मा और सचिव डॉ. एन.के. अग्रवाल ने कहा कि इस कार्रवाई से चिकित्सा पेशे की गरिमा प्रभावित हुई है। आपात बैठक में लिए निर्णय के अनुसार, हड़ताल के दौरान निजी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और पैरामेडिकल सहित सभी सेवाएं बंद रहेंगी।
यहां तक कि इमरजेंसी सेवाएं भी स्थगित रखने का फैसला लिया गया है। राजस्थान स्टेट चैप्टर और इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. शरद गुप्ता ने भी बंद में शामिल होने की घोषणा की है। राजस्थान मेडिकल कालेज टीचर्स एसोसिएशन जयपुर ने आंदोलन को समर्थन दिया है।


