Akhilesh Yadav Participated at Bada Mangal Bhandara: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Samajwadi Party President Akhilesh Yadav) राजधानी लखनऊ में बड़े मंगलवार पर आयोजित भंडारे में शामिल हुए। इस दौरान अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने श्रद्धालुओं को भंडारे का प्रसाद बांटा। इसके बाद उन्होंने खुद भंडारे के प्रसाद की पूढ़ी-सब्जी खाई। इस भंडारे में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत की और केंद्र सरकार से तीखे सवाल पूछे।
अखिलेश ने UP में कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
सपा प्रमुख अखिलेश यादव, राजधानी लखनऊ के पार्क सिटी इलाके में आयोजित ज्येष्ठ माह (बड़े मंगलवार) के भंडारे में शामिल हुए। अखिलेश यादव ने भंडारे का प्रसाद खाने के बाद मीडिया से बात की। इस दौरान अखिलेश ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले लगातार गिर रहे रुपए के मुद्दे पर केंद्र सरकार से तीख किए और तंज कसा। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने यूपी की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने यूपी पुलिस द्वारा किए जा रहे एनकाउंटर को दिखावा बताया है।
अखिलेश ने कहा- यूपी में हर दिन बहन-बेटियों के साथ छेड़खानी जैसी घटनाएं हो रही हैं। यूपी में एनकाउंटर को लेकर सरकार ने दिखावा किया है। उन्होंने आगे कहा कि एक बहुत प्रतिष्ठित अखबार ने लिखा है कि राजधानी लखनऊ में प्रतिदिन कितनी महिलाओं-लड़कियों को छेड़ा जाता है? लड़किओं के साथ इसी राजधानी में कितनी घटनाएं हो रही हैं? सरकार को वो आंकड़ा भी देना चाहिए कि सबसे ज्यादा दलित और PDA महिलाओं-लड़किओं के साथ घटनाएं घटी हैं।
अखिलेश बोले- क्या रुपया पाताल लोक पहुंच जाएगा?
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले लगातार गिर रहे रुपए के मुद्दे पर अखिलेश ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा- सरकार वो आंकड़े देना क्यों भूल जाती है कि हमारा रुपया और कितना गिरेगा? क्या पाताल लोक में जाकर रुपए को ढूंढेंगे? क्या रुपया इतना नीचे जाएगा? लगता है कि रुपए की पाताल लोक की तरफ दिशा बन गई है।
अखिलेश ने आगे कहा कि जब डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ते हैं तो हर चीज महंगी हो जाती है। दूध-दही, सब्जियां, खाने-पीने और जरूरत की हर चीज महंगी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता सावधान रहे, भाजपा डीजल-पेट्रोल के दाम और बढ़ाएगी। गैस सिलेंडर और महंगा होगा।
UP में एनकाउंटर का आंकड़ा
उत्तर प्रदेश सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, मार्च 2017 में योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के मुख्यमंत्री बनने के बाद से प्रदेश में अब तक कुल 17,043 पुलिस एनकाउंटर किए गए हैं। यह आंकड़ा औसतन हर दिन लगभग 5 एनकाउंटर के बराबर है। सरकार द्वारा जारी प्रेस रिलीज में बताया गया कि इन एनकाउंटर्स के दौरान 289 ‘कुख्यात अपराधी’ मारे गए, जबकि 11,834 अपराधी घायल हुए। इसके अलावा संगठित अपराध और गंभीर मामलों के खिलाफ चलाए गए अभियान में 34,253 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। सरकार ने यह भी बताया कि इस दौरान 18 पुलिसकर्मियों की जान गई, जबकि 1,852 पुलिसकर्मी घायल हुए।


