Ajmer Crime: जयपुर के बाद अब अजमेर में दिनदहाड़े युवती से छेड़छाड़! वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप

Ajmer Crime: जयपुर के बाद अब अजमेर में दिनदहाड़े युवती से छेड़छाड़! वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप

अजमेर। राजधानी जयपुर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ के बाद अब ऐसा ही मामला अजमेर जिले में सामने आया है। जिले के पुष्कर कस्बे की हनुमान गली में बाइक सवार दो युवकों ने हाथ लहराते हुए राह चलती युवती के झपट्टा मारकर चेन छीनने व छेड़छाड़ का प्रयास किया। घटनाक्रम एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

वीडियो में बाइक सवार दो युवक हनुमान गली में दिनदहाड़े एक युवती के साथ झपट्टा मारकर छेड़छाड़ व चेन छीनने का प्रयास करते नजर आ रहे है। यह घटना भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई है। क्षेत्रवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने एवं आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं, वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

युवती ने दर्ज कराया मामला

रेत की गली निवासी 27 वर्षीय युवती ने घटना को लेकर अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उसने रिपोर्ट में बताया कि दोपहर करीब सवा बजे वह निजी स्कूल से घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से तेज गति से बाइक पर दो युवक आए तथा गले में पहनी सोने की चेन तोड़ने का प्रयास किया, हालांकि उसकी सतर्कता से उन्हें सफलता नहीं मिली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चेन स्नेचरों की तलाश शुरू कर दी है।

जयपुर में भी गर्भवती महिला से छेड़छाड़ का मामला आया था सामने

बता दें कि पिछले महीने जयपुर के मालवीय नगर क्षेत्र में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी राहुल गुर्जर सुर्खियों में आया। आरोपी राहुल गुर्जर ने मुरैना की कोर्ट में जाकर सरेंडर किया था। राहुल ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कोर्ट पहुंचने से पहले हुलिया बदल लिया था। वायरल वीडियो में वह दाढ़ी-मूंछ में नजर आया था, लेकिन सरेंडर से पहले उसने क्लीन शेव करवा ली, ताकि उसे आसानी से पहचाना न जा सके। पुलिस आरोपी राहुल घुरैया को ग्वालियर के मुरैना से प्रोडक्शन वारंट पर जयपुर लेकर आई थी। इसके बाद आरोपी को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *