लखनऊ में शुक्रवार दोपहर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
वह पार्टी कार्यालय में मौजूद थे, तभी उन्हें बेचैनी और सीने में दर्द की शिकायत हुई।
इसके बाद वे घर के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही बेहोश हो गए।
उन्हें तत्काल मेदांता अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने इमरजेंसी में जांच के बाद उन्हें ICU में शिफ्ट कर दिया।
ब्रेन स्ट्रोक और हार्ट अटैक की आशंका को देखते हुए विशेषज्ञ डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स पर पोस्ट कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रदेश कार्यालय में अचानक बिगड़ी तबीयत
सूत्रों के मुताबिक अजय राय पहले लखनऊ में श्रमिक दिवस और बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर आयोजित कांग्रेस के शिक्षक एवं चिकित्सक सम्मेलन से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल रहे। इसके बाद वे यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय को एयरपोर्ट छोड़ने भी गए थे। वहां से लौटकर वे माल एवेन्यू स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां दूसरा कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान उन्हें सीने में दर्द और घबराहट महसूस हुई।
घर ले जाते वक्त रास्ते में बेहोश हुए
बताया जा रहा है कि अजय राय ने साथियों से तबीयत खराब होने की बात कही और घर ले चलने को कहा। उन्हें तेलीबाग स्थित अपार्टमेंट ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी हालत और बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें बिना देर किए मेदांता अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी में जांच शुरू की गई।
डॉक्टरों की टीम रख रही नजर
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक अजय राय को ICU में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। ब्रेन स्ट्रोक या हार्ट अटैक की आशंका को देखते हुए कई जांचें कराई जा रही हैं। फिलहाल उनकी स्थिति पर विशेषज्ञ टीम लगातार नजर बनाए हुए है।
PM मोदी ने की स्वस्थ होने की प्रार्थना
अजय राय की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स पर पोस्ट कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। यह संदेश सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
कांग्रेस में चिंता का माहौल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की अचानक तबीयत बिगड़ने से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में चिंता है। मेदांता अस्पताल में उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार जानकारी ली जा रही है। कांग्रेस के कई नेता भी अस्पताल पहुंचने की तैयारी में हैं।


