बलिया के शहर कोतवाली क्षेत्र के गंगा पार शिवपुर दियार स्थित पुरवा पांडे का डेरा में शुक्रवार रात 10 बजे एक बारात के दौरान हर्ष फायरिंग जानलेवा साबित हो गई। फायरिंग के दौरान चली गोली लगने से 10 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे खुशी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। मृतक की पहचान संजय यादव के पुत्र वीर यादव (10) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बारात में जश्न के दौरान कुछ लोग हर्ष फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक चली एक गोली बालक को जा लगी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग करने वाला व्यक्ति मृतक का रिश्तेदार है।


