ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने हरियाणवी एक्ट्रेस और डांसर दिव्यांका सिरोही के निधन पर दुख जताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर AICWA ने लिखा, ‘हम 30 साल की उम्र में दिव्यांका सिरोही के अचानक निधन की खबर से बेहद दुखी हैं। यह सिर्फ उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ा नुकसान है।’ पोस्ट में आगे लिखा गया, ‘दिव्यांका ने हरियाणा फिल्म इंडस्ट्री में अपनी मेहनत, टैलेंट और जुनून से खास पहचान बनाई थी। जब कोई कलाकार हमें छोड़कर जाता है, तो उसका दर्द बाकी कलाकार गहराई से महसूस करते हैं क्योंकि एक कलाकार ही दूसरे कलाकार के संघर्ष, सपने और भावनाओं को समझ सकता है।
एसोसिएशन ने पोस्ट के अंत में लिखा, ‘इस मुश्किल समय में हम उनके परिवार और अपनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। भगवान उन्हें इस दुख को सहने की ताकत दे और दिव्यांका की आत्मा को शांति मिले। आप हमेशा याद रहेंगी। अलविदा, दिव्यांका सिरोही।’ गाजियाबाद में अचानक बिगड़ी तबीयत मंगलवार देर रात यूपी के गाजियाबाद स्थित घर पर दिव्यांका की तबीयत बिगड़ गई थी। वह चक्कर खाकर जमीन पर गिरीं, जिसमें उनके सिर पर गहरी चोट लगी। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह गाजियाबाद में उनका अंतिम संस्कार किया गया। दिव्यांका 50 से ज्यादा हरियाणवी गानों में काम कर चुकी थीं। उन्होंने मासूम शर्मा, अमित सैनी रोहतकिया, केडी के साथ भी काम किया। उनके इंस्टाग्राम पर 1.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं। उनके निधन पर मासूम शर्मा समेत हरियाणवी इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों ने दुख व्यक्त किया है। दिव्यांका की कुछ PHOTOS… यूपी के गाजियाबाद में रह रहा परिवार दिव्यांका सिरोही का जन्म 19 नवंबर 1996 को बुलंदशहर में हुआ था। परिवार गाजियाबाद में रह रहा है। उन्होंने मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से B.Com और सिक्किम से MBA किया था। फिर गुरुग्राम से B.Ed किया। दिव्यांका के दो भाई हिमांशु, दीपांशु और बहन जसमीत हैं। पिता गजेंद्र ट्रांसपोर्टर हैं और मां अनीता हाउस वाइफ हैं। टिक-टॉक पर वीडियो वायरल हुआ था दिव्यांका को बचपन से ही एक्टिंग और डांसिंग का शौक रहा है। 2019 में दिवाली के दौरान, उन्होंने नीले सूट में पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के गाने मेरी मम्मी नू पसंद नहीं तू पर परफॉर्म करते हुए एक वीडियो शूट किया। यह वीडियो बहुत वायरल हुआ और इसे लगभग 20 मिलियन व्यूज मिले थे। इसके बाद उनके टिकटॉक पर 5 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए थे।


