Ahmedabad news: जीवराज ब्रिज के पास बेरहमी से प्रोढ़ की हत्या, चार आरोपी फरार

Ahmedabad news: जीवराज ब्रिज के पास बेरहमी से प्रोढ़ की हत्या, चार आरोपी फरार

अहमदाबाद शहर के आनंदनगर इलाके में शनिवार रात जीवराज ब्रिज के पास 52 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नटू परमार के रूप में हुई है, जो राजीवनगर में रहता था और प्लंबर का काम करता था। चार से पांच हमलावरों ने लोहे की पाइप और लकड़ी के डंडों से पीट-पीटकर इस वारदात को अंजाम दिया।घटना शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है, जब करीब चार आरोपियों ने बापा सीताराम मोबाइल शॉप के पास नटू परमार पर हमला किया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि कुछ ही सेकंड में आरोपियों ने सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए। घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे रिक्शा में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पारिवारिक विवाद बना कारण

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला पारिवारिक विवाद के चलते हुआ। बताया जाता है कि नटू के पुत्र कौशिक परमार ने प्रेम विवाह किया था। छह महीने पहले उसकी पत्नी मायके चली गई थी और वापस नहीं आ रही थी। इसे लेकर कुछ बोला-चाली हुई थी।

पुत्र ने दर्ज कराई शिकायत

मृतक के पुत्र ने इस संबंध में आनंदनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसमें बताया गया कि एक मित्र से यह पता चली कि उसके पिता पर कुछ लोगों ने हमला किया है। घटना की सूचना मिलते ही उसने और परिवार के अन्य सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर पिता को अस्पताल पहुंचाया। जहां कुछ ही देर बाद उसके पिता की मौत हो गई।

इलाके में तनाव, प्रदर्शन, सड़क जाम

हत्या की घटना के बाद इस इलाके में तनाव फैल गया। मृतक के परिजनों के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। साथ ही राजीवनगर से जीवराज को जोड़ने वाली सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने इलाके में अवैध शराब और जुए की गतिविधियों के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ परिजनों ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ का प्रयास भी किया, जिसे पुलिस ने रोक दिया।

भारी पुलिस बल तैनात

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों की ओर से पहले भी धमकियां दी गई थीं और हमला किया गया था, लेकिन उस समय पर्याप्त पुलिस कार्रवाई नहीं हुई। मृतक की बेटी ने भी आरोप लगाया कि पहले उनके घर पर हमला हुआ था।

पुलिस ने बनाई अलग-अलग टीम

पुलिस ने मुख्य आरोपियों की पहचान कानू उर्फ कांति उर्फ लेली, हसमुख और केतन धुलाजी के रूप में की है। कुछ आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अलग-अलग टीमें बनाकर जांच आरंभ की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *