Ahmedabad: ठेके पर नौकरी लगवाने के नाम पर 95 हजार की रिश्वत लेते चार गिरफ्तार

Ahmedabad: ठेके पर नौकरी लगवाने के नाम पर 95 हजार की रिश्वत लेते चार गिरफ्तार

Ahmedabad. शहर के बापूनगर में स्थित ईएसआइसी मॉडल जनरल (सरकारी) अस्पताल में ठेके पर नौकरी लगवाने के नाम पर रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। एसीबी ने इस मामले में जाल बिछाकर 95 हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में निजी सिक्युरिटी एजेंसी के दो ऑपरेशनल मैनेजर सहित चार लोगों को पकड़ा है। एजेंसी के कार्यालय और होटल से 21 लाख से ज्यादा की नकदी जब्त की गई है।

एसीबी के तहत उन्हें सूचना मिली थी कि ईएसआइसी मॉडल हॉस्पिटल के साथ सिक्योरशील्ड सिक्युरिटी सर्विस कंपनी (एजेंसी) का करार हुआ है। इस सिक्युरिटी एजेंसी की ओर से अलग-अलग श्रेणी में कर्मचारियों को नौकरी पर रखने के लिए 30 हजार से 1.50 लाख रुपए तक की रिश्वत मांगी जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर अहमदाबाद ग्रामीण एसीबी की टीम ने गुरुवार को डिकॉय कार्रवाई करते हुए 95 हजार रुपए की रिश्वत लेते सिक्योरशिल्ड सिक्योरिटी सर्विस कंपनी के ऑपरेशन मैनेजर प्रमोद शंकर पांडे को पकड़ लिया। उसके बाद एक और ऑपरेशन मैनेजर पंकज कुमार मिश्रा और इन दोनों की मदद करने के आरोप में वटवा निवासी राजीव शुक्ला और जयेश कुमार चौधरी को भी पकड़ लिया।

एसीबी के अनुसार यह कार्रवाई वटवा जीआइडीसी क्षेत्र में सिक्योरशिल्ड सिक्योरिटी सर्विस के कार्यालय में की गई। कार्रवाई में रिश्वत के लिए मांगे गए और स्वीकार किए गए पूरे 95 हजार रुपए बरामद कर लिए गए।

कार्यालय के टेबल से 2.29 लाख, होटल से 19.29 लाख नकद जब्त

एसीबी की कार्रवाई में सिक्योरशिल्ड सिक्योरिटी सर्विस के कार्यालय में टेबल के खाने से 2,29,000 रुपए नकद मिले। इसके बाद आरोपी नंबर 1 और 2 के ठहरने वाले होटल के कमरे की तलाशी ली गई। वहां आरोपियों के बैग से 19,29,900 रुपए नकद बरामद हुए। डीकॉय में स्वीकार की गई 95 हजार रुपए की रिश्वत के अलावा कार्यालय और होटल से मिली नकदी को मिलाकर कुल 21,57,900 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। यह राशि रिश्वत की होने की आशंका है। नौकरी के लिए आने वाले 46 लोगों के पास से इसे रिश्वत के रूप में लेने की आशंका है। सूत्रों के तहत एसीबी को टोल फ्री नंबर 1064 पर नौकरी लगवाने के नाम पर रुपए लेने की शिकायत मिली थी। जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *