मुजफ्फरनगर के रुड़की रोड स्थित अरोरा ट्रेडर्स (गिफ्ट गैलरी एवं फैंसी लाइटिंग) में बीती रात भीषण आग लग गई। इस घटना के बाद प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल शुक्रवार रात घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया और आग से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रतिष्ठान के स्वामी अभिनव अरोरा से घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने आग से हुए भारी आर्थिक नुकसान पर चिंता व्यक्त की और प्रभावित परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से भी बात की। उन्होंने अधिकारियों को राहत और सहायता से जुड़े सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि शासन और प्रशासन इस संकट की घड़ी में प्रभावित परिवार के साथ खड़ा है। मंत्री ने मौके पर मौजूद अन्य व्यापारियों से भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यापारी पर आई विपत्ति पूरे व्यापारिक समाज की चिंता का विषय होती है। मंत्री ने व्यापारी संगठनों और स्थानीय व्यापारियों से प्रभावित परिवार के सहयोग के लिए आगे आने का आह्वान किया। कपिल देव अग्रवाल ने दोहराया कि व्यापारियों की सुरक्षा और उनके हित सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार कठिन परिस्थितियों में व्यापारियों को अकेला महसूस नहीं होने देगी और हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


