महाराष्ट्र के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाशराव आबिटकर ने शुक्रवार को बलरामपुर अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। करीब पौने 12 बजे से निरीक्षण शुरू हुआ। 45 मिनट निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी से लेकर विभिन्न वार्डों तक पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा। डॉक्टरों, कर्मचारियों तथा मरीजों से बातचीत कर अस्पताल की कार्यप्रणाली की जानकारी हासिल की। वॉर्ड में भर्ती बुजुर्गों से की मुलाकात निरीक्षण की शुरुआत ओपीडी से हुई। जहां मंत्री प्रकाशराव आबिटकर ने बड़ी संख्या में मौजूद मरीजों और इलाज व्यवस्था को देखा। उन्होंने पंजीकरण काउंटर, पैथोलॉजी जांच, टीकाकरण केंद्र और दवा वितरण प्रणाली का निरीक्षण किया। साथ ही डॉक्टर द्वारा मरीजों के इलाज और सलाह देने की प्रक्रिया को भी समझा। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं और उपचार संबंधी अनुभवों की जानकारी ली। इसके बाद मंत्री ने पैलिएटिव केयर वार्ड का दौरा किया। जहां गंभीर और दीर्घकालिक बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को देखा। जिरियाट्रिक वार्ड में बुजुर्ग मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली। अस्पताल में संक्रमण नियंत्रण और उपकरणों की स्वच्छता सुनिश्चित करने वाली सेंट्रल स्टरलाइजेशन यूनिट का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के निदेशक डॉ.विवेक गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीके श्रीवास्तव व ज्वाइंट डायरेक्टर विकासेंदु अग्रवाल ने अस्पताल की सेवाओं और संसाधनों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में लगभग 786 बेड उपलब्ध हैं और प्रतिदिन पांच से छह हजार मरीज ओपीडी में उपचार के लिए आते हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की दी जानकारी अधिकारियों के अनुसार अस्पताल में आईसीयू और वेंटिलेटर यूनिट का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा ब्लड बैंक, जनरल सर्जरी, आर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स समेत कई विशेषज्ञ विभाग मरीजों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का भी प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मरीजों को जांच से लेकर इलाज तक की सुविधाएं मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं। भर्ती मरीजों को भोजन और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी दी जा रही है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।


