मारपीट के बाद ससुरालियों ने बहू को छत से फेंका:लखनऊ में पड़ोसियों ने पहुंचाया अस्पताल, गंभीर हालत में चल रहा इलाज

लखनऊ में पिता ने बेटी के ससुराल पक्ष पर मारपीट कर छत से नीचे फेंकने का आरोप लगाते मड़ियांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। गंभीर हालत में युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित पिता का कहना है कि बेटी की कमर के नीचे गंभीर चोट आई है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बख्शी का तालाब के ग्राम गोहना निवासी नागेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी दीप्ति सिंह उर्फ गोल्डी की शादी नौबस्ता पुलिया स्थित गायत्री नगर निवासी गौरव सिंह से की थी। शादी के बाद से ही ससुराल में पति गौरव सिंह, सास पुष्पा सिंह, ननद सुहानी सिंह, गौरव की मौसी शैल कुमारी, मौसा शीतलाबक्स सिंह और उनके बेटे विशाल द्वारा छोटी-छोटी बातों पर विवाद और झगड़ा करते थे। फोन पर सूचना मिली कि बेटी के साथ मारपीट हुई है नागेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी बेटी के साथ ससुराल वालों ने मारपीट की है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। जहां पता चला कि गौरव सिंह शराब के नशे में था और उसने दीप्ति से विवाद शुरू किया। बात बढ़ने पर परिवार के अन्य लोगों ने भी मिलकर उसकी पिटाई की। इसके बाद जान से मारने की नीयत से उनकी बेटी को छत से नीचे फेंक दिया गया। आसपास के लोगों ने गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार युवती की कमर के नीचे गंभीर चोटें आई हैं। परिवार ने मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले में इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा का कहना है कि मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *