गाजीपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर कार्रवाई:बिरनो टोल प्लाजा पर 319 वाहन जांचे, 60 पर हुई कार्रवाई; 4.30 लाख जुर्माना वसूला

गाजीपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर कार्रवाई:बिरनो टोल प्लाजा पर 319 वाहन जांचे, 60 पर हुई कार्रवाई; 4.30 लाख जुर्माना वसूला

गाजीपुर पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से शराब पीकर वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। यह विशेष अभियान रविवार देर रात 10 और 11 मई 2026 को बिरनो टोल प्लाजा सहित जिले के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर चलाया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात और बिरनो थाना प्रभारी के नेतृत्व में आठ टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने बिरनो टोल प्लाजा की सभी आठ लेन पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 319 वाहनों की जांच की गई, जिनमें अंतरराज्यीय वाहन, रोडवेज बसें, चार पहिया और दो पहिया वाहन शामिल थे। जांच में 39 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। इनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त, 21 अन्य वाहनों पर भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस पूरे अभियान में कुल 4 लाख 30 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और नशे में वाहन चलाने जैसी प्रवृत्तियों पर अंकुश लगाना है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *