सुल्तानपुर की जयसिंहपुर पुलिस ने चोरी की योजना बनाते हुए स्कॉर्पियो सवार चार युवकों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने गाड़ी से एक तमंचा, एक कारतूस और दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद किए। सभी आरोपी गोरखपुर के निवासी हैं। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर थाने लाया और आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। बरामदगी में एक स्कॉर्पियो, दो फर्जी नंबर प्लेट, एक अवैध देसी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर शामिल हैं। आरोपी शिवनाथ की तलाशी के दौरान 1920 रुपये नकद और एक कीपैड मोबाइल भी मिला। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शिवनाथ (48 वर्ष) पुत्र स्व. रामसमुझ, शिवम (22 वर्ष) पुत्र गोवर्धन, सत्यम गुप्ता (20 वर्ष) पुत्र गोवर्धन, और नवनीत यादव (28 वर्ष) पुत्र रामरतन के रूप में हुई है। ये सभी गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के कटघर और छटाई गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर द्वारा चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर के निर्देशन में की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुबोध त्यागी, दिनेश चंद्र, प्रेमनारायण राजपूत, हेड कांस्टेबल अमित सिंह और कांस्टेबल कृष्ण कुमार चौरासिया व अयोध्या शाह शामिल थे। आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी खुलासा हुआ है। शिवनाथ के खिलाफ गोला और खजनी थानों में 279/304A, 188/270 भादवि और 60 यूपी उत्पाद शुल्क अधिनियम सहित तीन मामले दर्ज हैं। वहीं, नवनीत यादव के खिलाफ गीडा थाने में 115(2), 351, 352 BNS धाराओं के तहत एक मामला दर्ज है।


