मथुरा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने सौंख रोड स्थित दो होटलों का निरीक्षण किया, जहां कई अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद दोनों होटलों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं और लाइसेंस निलंबित करने की चेतावनी दी गई है। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में की गई। खाद्य सचल दल के सदस्यों, जिनमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार, राम नरेश, मोहर सिंह कुशवाह और भरत सिंह शामिल थे, ने होटल ताज (प्रोप्राइटर मोहम्मद आरिफ) और ताज होटल (प्रोप्राइटर जमील अहमद) की जांच की। निरीक्षण के दौरान, टीम को दोनों होटलों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। खाना बनाने और परोसने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। इसके अतिरिक्त, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत नहीं किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि खाना बनाने में उपयोग किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। किचन में खाद्य पदार्थ अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में तैयार किए जा रहे थे, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है। अधिकारियों ने दोनों होटल संचालकों को सुधार नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक निरीक्षण में पाई गई कमियों को दूर कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की जाती, तब तक उनके खाद्य लाइसेंस निलंबित कर कारोबार पर रोक लगाई जा सकती है। इसी क्रम में, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह और दलवीर सिंह ने श्री बांके बिहारी मंदिर के पास गली नंबर 2 स्थित राधा रानी मिष्ठान भंडार और गली नंबर 4 में राम बाबू पेड़े वाले से पेड़े के नमूने भी लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


