एटा में बुजुर्ग पिता की संदिग्ध हालत में मौत:छोटे बेटे ने भाई पर ईंट मारने का आरोप लगाया, शव पर चोट के निशान नहीं

एटा में बुजुर्ग पिता की संदिग्ध हालत में मौत:छोटे बेटे ने भाई पर ईंट मारने का आरोप लगाया, शव पर चोट के निशान नहीं

एटा के सकीट थाना क्षेत्र के मुबारकपुर निबरौआ गांव में 72 वर्षीय एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यह घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे की है। मृतक के छोटे बेटे ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। मृतक की पहचान राजपाल पुत्र सूरजपाल के रूप में हुई है, जो पिछले चार माह से बीमार चल रहे थे। मृतक के छोटे बेटे अमित ने अपने बड़े भाई विकास पर पिता की हत्या का आरोप लगाया है। अमित के अनुसार, उसका बड़ा भाई शराबी है और पैसों को लेकर आए दिन विवाद करता था। उसने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों से घर में लगातार मारपीट हो रही थी और बड़े भाई ने पिता को ईंट मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। शव पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले
पुलिस के अनुसार, शव पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड को बुलाया। जांच एजेंसियों ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं और मामले की गहन पड़ताल शुरू कर दी है। छोटे भाई ने बड़े भाई पर लगाया आरोप
छोटे बेटे अमित ने बताया कि उनके बड़े भाई विकास ने शराब पीकर झगड़ा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके मामा को दिए गए 50 हजार रुपये में से 44 हजार रुपये वापस मिल गए थे, लेकिन शेष 6 हजार रुपये को लेकर विकास लगातार लड़ाई-झगड़ा कर रहा था। इसी विवाद के दौरान उसने पिता के सिर पर ईंट मार दी। मामले पर जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सकीट विदेश राठी ने बताया कि मृतक के छोटे बेटे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। उन्होंने दोहराया कि शव पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं हैं। राठी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *