शिवपुरी में एनएच-46 पर गुरुवार रात करीब 1 बजे सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक बाइक से जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल 22 वर्षीय मोनू कुशवाह को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं मृतक 27 वर्षीय कल्ला कुशवाह के शव को मोर्चरी में रखवाया गया। शुरुआत में दोनों युवकों की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन शुक्रवार दोपहर पुलिस ने उनकी पहचान सेसई खुर्द निवासी कल्ला और मोनू कुशवाह के रूप में की। परिजनों के अनुसार दोनों चचेरे भाई लुकवासा में एक बारात में शामिल होकर बाइक से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।


