बालाजी के दर्शन कर लौटते वक्त एक्सप्रेसवे पर हादसा,  मासूम की मौत

बालाजी के दर्शन कर लौटते वक्त एक्सप्रेसवे पर हादसा,  मासूम की मौत

रफ्तार के सफर में एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस दिल दहला देने वाले हादसे में तीन महीने के एक मासूम बच्चे ‘दिव्यम’ की मौत हो गई। वहीं, हादसे में बच्चे की मां गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार यह पीड़ित परिवार दिल्ली के द्वारका इलाके का रहने वाला है। मृतक बच्चे के माता-पिता पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) हैं। पूरा परिवार शनिवार को बच्चे के तीन महीने पूरे होने की खुशी मनाकर रविवार सुबह ही बाबा के दर्शन करने निकला था, लेकिन किसे पता था कि यह सफर इतनी बड़ी त्रासदी लेकर आएगा।

आगे चल रहे ट्रक ने अचानक मार दिए ब्रेक

अस्पताल पहुंचे मासूम बच्चे के दादा सतीश कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी संतोष, बेटा राहुल, बहू अंजलि, पोता दिव्यम और बेटी कार से मेहंदीपुर बालाजी दर्शन करने गए थे। सुबह करीब 9:00 बजे जब उन्होंने दर्शन कर लिए, तो बेटे ने फोन पर बात भी की थी और बताया था कि वे सब दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। लेकिन एक्सप्रेसवे पर लक्ष्मणगढ़ के पास अचानक आगे चल रहे एक ट्रक के ड्राइवर ने लापरवाही से ब्रेक लगा दिए। रफ्तार तेज होने के कारण कार संभालना मुश्किल हो गया और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा धंसी।

मां को अभी तक नहीं आया होश, परिवार सदमे में

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसके बाद सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 3 महीने के दिव्यम को मृत घोषित कर दिया। बच्चे के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। इस हादसे में दिव्यम की मां अंजलि को सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। हालत इतनी नाजुक है कि उन्हें अभी तक होश नहीं आया है। परिवार के बाकी सदस्यों को भी मामूली चोटें आई हैं। दादा सतीश ने भरे गले से बताया कि उनका पोता शनिवार को ही ठीक 3 महीने का हुआ था और पूरा परिवार उसकी लंबी उम्र की मन्नत मांगने बालाजी गया था। बच्चे की मौत की खबर के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *