फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र के करहल रोड पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ अतापुर गांव के पास एक ऑटो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। वारदात के बाद ऑटो चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बहन के घर जा रहे थे दोनों युवक जानकारी के अनुसार, इटावा जिले के वेदपुरा थाना क्षेत्र स्थित रूपपुरा गांव निवासी प्रवीन (35) पुत्र पूरन सिंह और अंशुल (30) पुत्र रंजीत अपनी मोटरसाइकिल से हाथवंत क्षेत्र के गांव नगला ढहर अपनी बहन के घर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सिरसागंज के करहल रोड पर अतापुर गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, साथी रेफर हादसे की सूचना मिलते ही सिरसागंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सिरसागंज भिजवाया। अस्पताल के चिकित्सकों ने प्रवीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अंशुल की हालत बेहद नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल फिरोजाबाद रेफर कर दिया गया है। शादी नहीं हुई थी, खेती करता था मृतक परिजनों के मुताबिक, मृतक प्रवीन अविवाहित था और गांव में ही खेती-बाड़ी कर परिवार का हाथ बंटाता था। हादसे की खबर मिलते ही मृतक और घायल के परिवार में कोहराम मच गया और परिजन फिरोजाबाद के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और दोनों वाहनों को जब्त कर फरार ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है।


